युजवेंद्र चहल का कमाल, टी20 क्रिकेट में ऐसा करने वाले बने चौथे भारतीय गेंदबाज
नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच खेला गया। युजवेंद्र चहल ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से पहला मैच खेला, पिछले सीजन तक वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) टीम का हिस्सा थे। चहल ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 22 रन खर्चकर तीन विकेट झटके। इन तीन विकेट के साथ ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में 250 विकेट का भी आंकड़ा छू लिया।
चहल से पहले भारत की ओर से ऐसा पीयूष चावला, आर अश्विन और अमित मिश्रा ही कर पाए हैं। चहल ने 226वें टी20 मैच में यह कारनामा किया। चहल ने हरियाणा, इंडिया, मुंबई इंडियंस, आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए ये विकेट चटकाए हैं। चहल ने अभिषेक शर्मा, अब्दुल समद और रोमारियो शेफर्ड को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
शेफर्ड का विकेट लेते ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में 250 विकेट पूरे कर लिए। टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड ड्वेन ब्रावो के नाम दर्ज है, जो 574 विकेट चटका चुके हैं। वहीं 451 विकेट के साथ इमरान ताहिर दूसरे नंबर पर हैं। भारत की ओर से सबसे ज्यादा टी20 विकेट पीयूष चावला ने चटकाए हैं। चावला ने कुल 270 टी20 विकेट झटके हैं, वहीं आर अश्विन के खाते में 264 टी20 विकेट दर्ज हैं।

पाठको की राय