Tuesday, October 20th, 2026

जन्मदिन का केक काटते समय युवकों ने सुरक्षा गार्डों से चलवाई गोलियां, सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा
ग्रेनो वेस्ट की पैरामाउंट इमोशन सोसाइटी के मेन गेट पर जन्मदिन मनाते हुए कुछ युवकों ने सुरक्षा गार्डों से हर्ष फायरिंग करवाई। सोसायटी के गेट पर सुरक्षा गार्डों द्वारा फायरिंग का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बिसरख कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी दोनों सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जन्मदिन मनाने वाले लोगों की तलाश में जुटी है। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा क्राइम इलामारन  ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का पुलिस ने संज्ञान लिया है। पुलिस की छानबीन में पता चला गुरुवार की रात पैरामाउंट इमोशंस सोसाइटी के मेन गेट पर कुछ युवकों ने जन्मदिन का केक काटते समय वहां के दो सुरक्षा गार्डों से हर्ष फायरिंग करवाई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दोनों सुरक्षा गार्डों संजय और बादाम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। दोनों सुरक्षा गार्डों से इनकी लाइसेंसी बंदूक भी जब्त कर ली गई है। पुलिस इनके लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई कर रही है। जन्मदिन का केक काटने वाले युवकों की भी तलाश की जा रही है।

 

Source : Agency

पाठको की राय