Monday, October 19th, 2026

डिपो से लकड़ी चोरी कर रहे थे युवक, मना करने पर फॉरेस्ट ऑफिसर को पीटा; बेटी और पत्नी को घसीटा

जशपुर.

जशपुर जिले के सन्ना वन परिसर में युवकों ने एक फॉरेस्ट गार्ड बीएफओ और उसके परिवार की पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि युवक लकड़ी चोरी कर रहे थे। मना करने पर उन्होंने गाली-गलौज और मारपीट की। इस  घटना की पुष्टि करते हुए डीएफओ जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि घटना  को लेकर सन्ना थाने में पीड़ित ने परिवार समेत पहुंचकर शिकायत की है।

पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पीड़ित बीएफओ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सन्ना वन परिक्षेत्र के वनकर्मियों के परिसर से लगे लकड़ी डिपो में  शाहनवाज खान, रोहित साहू, रवि भगत, सैफ अंसारी, बबलू ठाकुर, राकेश ताम्रकर समेत 10 युवक ठंड में अलाव जलाने के लिए डिपो से लकड़ी चोरी कर रहे थे। वनपाल शांति स्वरूप तिवारी और निरंजन मिंज ने उन्हें मना किया। इस पर चोरी करने वाले युवा भड़क गए। युवक  गाली-गलौज करने लगे और मारपीट की नौबत आ गई।

विवाद बढ़ता देख बीएफओ सुधन साय पैंकरा बीच-बचाव करने पहुंचे। नशे में धुत कुछ युवाओं ने न केवल फॉरेस्ट ऑफिसर सुधन की पिटाई शुरू कर दी, बल्कि उसकी पत्नी व बेटी को भी घसीटकर मारा। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने सन्ना थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी हर्षवर्धन चौरासे ने बताया कि पीड़ितों ने लिखित शिकायत की है। मारपीट करने वालों का मेडिकल कराया जा रहा है। कार्रवाई जरूर होगी।

 

#Forest officer#beaten#Daughter and wife dragged#angry#stopped#stealing wood

Source : Agency

पाठको की राय