रोजगार को भटक रहे युवा, दम तोड़ रही कौशल विकास योजना, युवाओं को प्रशिक्षित करने का जिम्मा आइएचएम के पास
देहरादून
राज्य में रोजगार के तलबगार युवाओं की कमी नहीं है, लेकिन उचित कौशल विकास के अभाव में उन्हें रोजगार नहीं मिल पाता। पर्यटन मंत्रालय ने युवाओं के कौशल विकास और उन्हें रोजगार में सक्षम बनाने के लिए प्रशिक्षण का इंतजाम किया है और इसकी जिम्मेदारी आइएचएम को दी है। लेकिन, योजना के प्रचार-प्रसार के अभाव में युवा इससे वंचित हैं।
जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी
जिलाधिकारी डा. आर राजेश कुमार ने इस रवैये के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को कौशल विकास योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी डा. आर राजेश कुमार ने कहा कि आइएचएम स्तर पर युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए समय-समय पर विज्ञप्ति प्रकाशित की जाती है। इसमें आयुसीमा व सीटों विवरण भी रहता है। चिंता की बात यह है कि अधिकतर युवाओं को इस बारे में जानकारी ही नहीं रहती है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के युवा योजना से वंचित हैं। प्रयास किए जाएं कि आठवीं व दसवीं पास युवाओं को प्रशिक्षण के बारे में बताया जाए। क्योंकि प्रशिक्षण कार्यक्रम निश्शुल्क है और युवाओं को आइएचएम रोजगार भी मुहैया कराता है।
बैठकों के माध्यम से करें प्रचार प्रसार
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों व खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह विभिन्न कार्यक्रम व बैठकों के माध्यम से योजना का प्रचार-प्रसार करें। साथ ही योजना को लेकर क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी व जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को भी अपने स्तर पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। यह भी व्यवस्था की गई कि प्रशिक्षित होकर रोजगार पाने के इच्छुक युवा 940394201, 9410394205 पर संपर्क कर सकते हैं। ईमेल [email protected] पर भी संपर्क किया जा सकता है।

पाठको की राय