उफनते नाले में बहा युवक, दो थानों के सीमा विवाद में भटकते रहे परिजन
रांची.
राजधानी रांची में भारी बारिश होने से हातमा सरईटांड़ स्थित नाले में एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना रविवार दोपहर की है। युवक का नाम देव प्रसाद राम उर्फ छोटू (28) है और वह हातमा का रहने वाला है। कचहरी रोड स्थित अटल वेंडर मार्केट में देव प्रसाद की 39 नंबर दुकान है। बताया जा रहा है कि देव प्रसाद अपनी दुकान से लौट कर घर जा रहा था। घर के समीप पैंट उठाकर नाला पार करने के दौरान वह उसमें गिर गया। नाले में पानी अत्यधिक होने वजह से बह गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद गोंदा, लालपुर और बरियातू थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों थानों की पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से देव की खोजबीन भी की। खबर लिखे जाने तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। गोंदा पुलिस की ओर से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। सोमवार को सरईटांड़ से बोड़िया तक एनडीआरएफ की टीम बहे देव की खोजबीन करेगी। पुलिस के अनुसार युवक को रात में भी तलाश की जा रही है। इसमें स्थानीय लोगों से भी सहयोग लिया जा रहा है।
रस्सी फेंक जान बचाने का किया प्रयास
देव जब नाले में गिरा तो कुछ दूर आगे जाकर लोहे का रड पकड़ लिया। इसी बीच आसपास में मौजूद एक महिला ने उसे बचाने के लिए रस्सी भी फेंकी। लेकिन वह रस्सी पकड़ नहीं सका और देव नाले के पानी में बह गया। परिजनों के अनुसार देव प्रसाद राम की तीन बेटियां हैं। इसमें से दो बेटी स्कूल जाती है, जबकि एक छोटी है। इधर, मुहल्ले में मातम पसर गया है। बारिश के बाद भी मुहल्ले के लोग देर शाम तक सड़क पर ही रहे। वहीं पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सभी देव के सकुशल होने की भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं।
दो थानों के सीमा विवाद में भटकते रहे परिजन
देव की खोजबीन की गुहार लगाते हुए उसके परिजन दिनभर थानों को चक्कर लगाते रहे। देव के बड़े भाई विनय दोपहर दो बजे गोंदा थाना पहुंचे और उसे खोजने की गुहार लगायी। यहां उससे न तो आवेदन लिया गया और न ही खुद खोजने की बात कही। यह कहकर लौटा दिया कि मामला लालपुर थाने का है और वहीं जाएं। परिजन जब लालपुर थाना पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें गोंदा थाने का मामला होने की बात कह लौटा दिया। यह जानकारी जब वरीय पुलिस अधिकारियों को मिली, तब गोंदा पुलिस हरकत में आयी। शाम छह बजे एनडीआरएफ को पत्र भेजकर युवक को खोजने का आग्रह किया है।
#Youth drowned in overflowing drain

पाठको की राय