मालगाड़ी के आगे कूदे हरियाणा से आए युवक-युवती, लड़की की मौत, मोबाइल में मिलीं साथ-साथ तस्वीरें
मथुरा
मथुरा जिले में हाईवे थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी के सामने कूदने से युवती की मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। युवक और युवती हरियाणा के हैं और विद्यार्थी हैं। मोबाइल फोन में युवक और युवती के साथ में फोटो भी मिले हैं। दोनों ऋषिकेश भी घूमने गए थे। पुलिस स्वजन के आने का इंतजार कर रही है।
मौके पर युवती का शव क्षत-विक्षत पड़ा था
हाईवे थाना के पीछे रेलवे लाइन गुजर रही है। शनिवार शाम करीब छह बजे पुलिस को पता चला कि ट्रैक पर युवक और युवती ने आत्महत्या करने का प्रयास किया है। मौके पर युवती का शव क्षत-विक्षत पड़ा था, उसके कई टुकड़े हो चुके थे। जबकि युवक के काफी चोटें थीं। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पास में आधार कार्ड से युवती की पहचान वंशिका बानी (19) पुत्री रवि बानी निवासी माडल टाउन, यमुना नगर और युवक उत्तम नगर करनाल निवासी विवेक गुप्ता (20) पुत्र महेश के रूप में हुई है।
मोबाइल में मिले दोनों के साथ-साथ फोटो
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से मिले मोबाइल में दोनों के साथ-साथ के कई फोटो हैं। ये फोटो ऋषिकेश के बताए जा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया, स्वजन को सूचना दे दी है। दो दिन से दोनों साथ थे। यहां मालगाड़ी के आगे कूदकर जान देने की कोशिश की है। स्वजन के आने के बाद सही स्थिति पता चल सकेगी।

पाठको की राय