इस काम के लिए ग्राम प्रधानों व ब्लॉक प्रमुखों को पुरस्कृत करेगी योगी सरकार
लखनऊ
मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारियों से कहा कि वह गो आश्रय केन्द्रों का निरीक्षण कर यह देखें कि कहीं पर किसी प्रकार की कोई कमी ना हो। भूसा, चारा, पानी, शेड के साथ-साथ ठंड से बचाव व इलाज आदि की समुचित व्यवस्था रहे। ग्राम पंचायतों को छुट्टा गोवंश से मुक्त कराने में ग्राम प्रधानों व ब्लाक प्रमुखों के बीच प्रतिस्पर्धा कराते हुए अच्छा कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों व ब्लाक प्रमुखों को पुरस्कृत करने का सुझाव दिया है।
मुख्य सचिव ने शुक्रवार को महत्वाकांत्री जनपदों के रूपांतरण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा बैठक में उपरोक्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को हो रही दिक्कतों को दूर करने के लिए एक से दस जनवरी तक छुट्टा गोवंशों को गो आश्रय केंद्रों को भेजने के लिए अभियान चलाया जाए। सहभागिता योजना के तहत लाभार्थियों की संख्या बढ़ाई जाए।
मुख्य सचिव ने गांवों में आधारभूत अवसंरचना क्षेत्र में व्यक्तिगत शौचालय, पेयजल, विद्युत संयोजन, ग्राम पंचायत स्तर पर इंटरनेट कनेक्शन, कामन सर्विस सेन्टर, पीएमजीएसवाई के तहत सर्वऋतु मार्ग, आवास आदि सुविधाएं ग्रामीणों को उपलब्ध कराने को कहा है। रूपांतरण कार्यक्रम के तहत चयनित 08 महत्वाकांक्षी जनपदों बहराईच, बलरामपुर, चंदौली, चित्रकूट, फतेहपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर तथा सोनभद्र की जनपदवार समीक्षा की। इनमें से वे जिले जहां पर स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि और जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास तथा आधारभूत अवसंरचना के संकेतकों में पिछले महीने की तुलना में गिरावट दर्ज की गई है योजनाबद्ध कामकर संकेतकों में सुधार करने के निर्देश संबंधित जिलाधिकारियों को दिए। जिन जिलों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं वहां पर जिलाधिकारी फील्ड विजिट कर जनता का फीडबैक लें।

पाठको की राय