Friday, October 23rd, 2026

WTC Points Table: बांग्लादेश का सूपड़ा साफ कर पाकिस्तान के करीब पहुंचा वेस्टइंडीज, भारत टॉप 3 में बरकरार

 नई दिल्ली
 
ICC World Test Championship 2021-23 Points Table में वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश का दो टेस्ट मैच की सीरीज में सूपड़ा साफ कर अपनी स्थिति में सुधार किया है। बांग्लादेश पर लगातार दो जीत दर्ज कर टीम 6ठें स्थान पर बनी हुई है। वेस्टइंडीज ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अपनी चौथी सीरीज पूरी की। इस सीरीज के बाद उनके 50 प्रतिशत अंक हो गए हैं और वह पाकिस्तान के और करीब पहुंच गया है। पाकिस्तान 52.38 प्रतिशत अंक के साथ 5वें पायदान पर है। वहीं बात बांग्लादेश की करें तो यह टीम 13.33 अंकों के साथ 9वें स्थान पर ही बनी हुई है।


टॉप 3 में भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के दूसरे चक्र की प्वाइंट्स टेबल के टॉप 3 में इस समय भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की टीमें हैं। टीम इंडिया जहां 58.33 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर है, वहीं साउथ अफ्रीका 71.43 के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया 75 प्रतिशत प्वाइंट्स के साथ शीर्ष पर विराजमान है। इस सूची में चौथे स्थान पर श्रीलंका है जिनके 55.56 प्रतिशत अंक है।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का पहला खिताब जीतने वाली न्यूजीलैंड की टीम दूसरे चक्र से बाहर हो गई है। इंग्लैंड के खिलाफ 0-3 से मिली करारी हार के बाद उनका फाइनल में पहुंचने के चांस ना के बराबर रह गए हैं। वहीं इंग्लैंड और बांग्लादेश की टीमें पहले से ही बाहर चल रही है। इंग्लैंड 28.89 और न्यूजीलैंड 25.93 प्रतिशत अंकों के साथ क्रमश 7वें और 8वें पायदान पर है। चार अगस्त 2021 से शुरू हुए दूसरे चक्र का अंत 31 मार्च 2023 को होगा। पिछली बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल द रोज़ बाउल साउथेम्प्टन में खेला गया था, मगर दूसरे चक्र के फाइनल के वेन्यू का ऐलान अभी आईसीसी ने नहीं किया है।

 

 

#WTC Points Table:

Source : Agency

पाठको की राय