Wednesday, October 21st, 2026

WTC Points Table: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में इंग्लैंड का बुरा हाल, 10 मैचों में मिली सिर्फ 1 जीत

 नई दिल्ली

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला मैच ड्रॉ होने के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वॉइंट्स टेबल (World Test Championship Points Table) में इंग्लैंड की हालत और खराब हो गई है। अभी तक खेले 10 मैचों में यह इंग्लैंड का तीसरा ड्रॉ मुकाबला रहा है, वहीं इंग्लिश टीम को 6 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2021-2023) में इंग्लैंड के हाथ एक ही जीत लगी है। इंग्लैंड को यह एकमात्र जीत भारत के खिलाफ मिली थी। इस खराब परफॉर्मेंस के बाद इंग्लिश टीम अब प्वॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे 10वें स्थान पर है। वहीं बात वेस्टइंडीज की करें तो उनका परफॉर्मेंस भी कुछ खास नहीं रहा है। 5 में से एक मैच जीतकर वह इंग्लैंड से एक स्थान ऊपर 9वें पायदान पर है।

इंग्लैंड का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में बुरा हाल
इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का आगाज किया था। 5 मैच की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से पीछे चल रहा है। भारतीय कैंप में हुई कोरोनावायरस की एंट्री के बाद आखिरी मैच स्थगित कर दिया था जो इस साल खेला जाएगा। इसके बाद इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज में 4-0 से धूल चटाई। सिडनी टेस्ट इंग्लिश टीम मात्र एक विकेट से ड्रॉ कराने में कामयाब रही। भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार झेलने के बाद उम्मीद थी कि वेस्टइंडीज जाकर टीम अपने प्रदर्शन में सुधार करेगी, मगर पहला मुकाबला ड्रॉ होने के बाद इंग्लैंड की मुश्किलें और बढ़ गई है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो वह टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी जगह नहीं बना पाएगा।


भारत प्वॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर
रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इंडिया 54.16 प्रतिशत अंकों के साथ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर है। भारत ने श्रीलंका को मोहाली टेस्ट में हराया है और बेंगलुरु में जारी डे नाइट टेस्ट में भी अपना शिकंजा कसा हुआ है। भारत अगर श्रीलंका का 2-0 से सूपड़ा साफ करने में कामयाब रहता है तो प्वॉइंट्स टेबल में काफी फायदा मिलेगा। टीम इंडिया अभी तक 11 में से 5 मुकाबले जीती है, वहीं तीन बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। भारत को एक टेस्ट इंग्लैंड ने तो दो टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका ने मात दी थी।

टॉप पर है ऑस्ट्रेलिया
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वॉइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलियाई टीम 77.77 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप पर है। ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक इस चैंपियनशिप में 6 मुकाबले खेले हैं जिसमें 4 में वह जीत हासिल करे में कामयाब रही है। यह सभी मुकाबले उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ जीते। कंगारू टीम इस समय पाकिस्तान दौरे पर है। पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैच की टेस्ट सीरीज का पहला मैच ड्रॉ रहा, वहीं अब टीम कराची में दूसरा टेस्ट खेल रही है।

 

#WTC Points Table

Source : Agency

पाठको की राय