Thursday, October 22nd, 2026

WTC Final: टीम इंडिया ने किया प्लेइंग इलेवन का ऐलान, मोहम्मद सिराज आउट

 नई दिल्ली 
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल 18 जून से साउथम्प्टन के एजिस बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा। शुक्रवार से खेले जाने वाले मैच के लिए भारतीय टीम के प्लेइंग इलेवन का ऐलान हो गया है। भारतीय टीम में रवींद्र जडेजा को टीम में जगह मिली है। वहीं मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है।

 डब्ल्यूटीसी के फाइनल के लिए रोहित शर्मा और शुभमन गिल को बतौर ओपनर जगह मिली है। इस मुकाबले में भारत दो स्पिनरों के साथ उतरने जा रही है। आर अश्विन और रवींद्र जडेजा दोनों को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। ऋषभ पंत को विकेटकीपर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनका प्रदर्शन धमाकेदार रहा है। हनुमा विहारी को भी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। उन्होंने हाल ही में इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट भी खेला था। लेकिन उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा था।

जसप्रीत बुमराह मोहम्मद शमी के साथ इशांत शर्मा को तेज गेंदबाज के तौर पर प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। युवा तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है। इशांत को अनुभव का फायदा मिला और उन्हें टीम में जगह मिली। वो भारतीय टीम में सबसे अधिक टेस्ट मैच खेलने वाले तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने भारत की तरफ से 101 टेस्ट मैच खेले हैं।

डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए भारत का प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, रवींद्र जडेजा, ऋषभ पंत, आर अश्विन, मोहम्मद शमी, ईशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह।

 

#WTC Final

Source : Agency

पाठको की राय