लाड़ली लक्ष्मी बेटियों का पूजन कर कन्या भोज कराया
धार
महिला एवं बाल विकास विभाग धार शहरी क्षेत्र सेक्टर क्रमांक 1 अंतर्गत आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक 16 डीआरपी लाइन धार में नवरात्रि महोत्सव के पांचवें दिन मां स्कंदमाता माता के आशीर्वाद से लाड़ली लक्ष्मी बेटियों का पूजन कर कन्या भोज सेक्टर सुपरवाइजर श्रीमती ओमीका डावर के मार्गदर्शन में कराया गया। सर्व प्रथम भक्तिमय वातावरण के साथ माता का पूजन एवं भारत माता का पूजन करने के बाद कन्याओं के चरणों को धोकर कंकु अक्षत से तिलक लगाकर पुष्पमाला पहनाकर बेटियों का पूजन किया गया। पूजन पश्चात सभी बेटियों को कन्या भोज खीर,पुड़ी सब्जी परोसकर बड़े आनन्द के साथ कराया गया। माता के भजनों के साथ ही गरबा करते हुए कार्यक्रम को बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया।कन्या भोज अवसर पर आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक 16 डीआरपी लाइन धार शहरी क्षेत्र की कार्यकर्ता श्रीमती गीता तिवारी ने कहा कि बेटियां देवी स्वरुपा होती है।
सदा इनकी पूजा करना चाहिए, जिस प्रकार घर में एक चलती बोलती लक्ष्मी पानी भरती है अन्नपूर्णा बन कर खाना बनाती है गृह लक्ष्मी बनकर कुटुंब संभालती है वहीं बिटिया सरस्वती बन कर बच्चों को संस्कार वान बनाने के लिए शिक्षा देती है तों वहीं बेटियां दुर्गा बनकर सभी प्रकार के संकटों का सामना कर कालिका चंडी बन कर हमारे घरों का रक्षण करती है। इनकी पूजा ना सही पर स्त्री होने का सम्मान जरुर करना चाहिए देवी को मंदिरों में ही नहीं अपने मनमंदिर में भी बसाइये देवी मुर्तियों के साथ ही जीवित स्त्री एवं बेटियों का सम्मान एवं आदर करना चाहिए।
कन्या भोज अवसर पर करीब 30 से अधिक बेटियों के साथ ही स्कूल की अध्यापिका श्रीमती साधना त्रिवेदी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती मोनिका सौलंकी, नमृता डोडवे, किर्ति सिंह, पूजा व्यास गंगा निनामा, मीरा मावी, दीपा, सुनिता, सहित क्षेत्र की अनेक महिलाएं उपस्थित थीं।

पाठको की राय