Monday, October 19th, 2026

वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप: पीवी सिंधु को पहले राउंड में मिली बाई

नई दिल्ली
भारत की ओलम्पिक पदक विजेता पीवी सिंधु को बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप के पहले दौर में बाई मिली है जिससे वह दूसरे दौर में पहुंच गई हैं, जबकि पूजा डांडू और संजना संतोष ने पहले राउंड में पहला गेम हारने के बाद मैच छोड़ दिया। छठी सीड सिंधु को रविवार को पहले राउंड में बाई मिली और दूसरे राउंड में भारतीय खिलाड़ी का स्लोवाकिया की मार्टिना रेपस्किा से मुकाबला होगा। सिंधु मार्टिना के खिलाफ पहली बार खेलेंगी। इस बीच महिला डबल्स में पूजा और संजना हॉलैंड की जोड़ी के खिलाफ पहला गेम 12-21 से हारने के बाद मैच से रिटायर हो गई। सिंधु इस टूर्नामेंट में अपने खिताब को बचाने उतरी हैं। उन्होंने दो साल पहले स्विट्जरलैंड के बासेल में खिताब जीता था। टोक्यो में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद से ही सिंधु अच्छी लय में है और अब वह वर्ल्ड चैम्पियनशिप में अपने इसी फॉर्म को जारी रखने उतरेंगी।

वर्ल्ड टूर फाइनल्स में रहीं थीं रनर-अप
सिंधु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड टूर फाइनल्स के खिताबी मुकाबले में जगह बनाई, लेकिन आखिरी पड़ाव में उनके सामने दक्षिण कोरिया की आन सियोंग आ गईं। यहां सीधे गेम में हारने के कारण सिंधु को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन सिंधु के पास दुनिया में छठे नंबर की कोरियाई खिलाड़ी के खेल का कोई जवाब नहीं था और वह आसानी से 16-21, 12-21 से हार गईं। सियोंग ने नेट पर बेहतरीन खेल दिखाया और बेसलाइन पर भी अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने 39 मिनट तक चले मैच में दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट भारतीय खिलाड़ी को किसी भी समय वापसी का मौका नहीं दिया।

 

 

#PV Sindhu

Source : Agency

पाठको की राय