Friday, October 23rd, 2026

इलाज में पैसे को नहीं बनने देंगे बाधा : योगी

गोरखपुर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा उनकी सरकार गंभीर बीमारियों के इलाज में लगातार भरपूर आर्थिक मदद दे रही है। किसी के भी इलाज में धन की बाधा सामने नहीं आने दी जाएगी।


गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन के दौरान उन्होने कहा कि अधिकारी पूरी संवेदना और प्राथमिकता के आधार पर इलाज में मदद संबंधी आवेदनों को निस्तारित करें, इस्टीमेट की प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण कर शासन को उपलब्ध कराएं। इस्टीमेट मिलते ही सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।


जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब तीन सौ लोगों की समस्याएं सुनीं। कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक खुद पहुंचे। उनकी पीड़ा सुनी, उसे महसूस किया और समस्या के त्वरित निराकरण का निर्देश अधिकारियों को दिया। समस्या सुनने के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, “"समस्या कोई भी हो, मेरे रहते घबराने या चिंता करने की बिलकुल जरूरत नहीं है। सबकी समस्या का न्यायोचित समाधान करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।”


योगी से मिलने वालों में अधिक संख्या उन लोगों की थी जो इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे।
जमीनी विवाद से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई दबंग या माफिया किसी की जमीन कब्जा कर रहा हो तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही करें। समस्या कोई भी हो, उसका त्वरित, न्यायोचित, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक समाधान होना चाहिए। महिलाओं के साथ आए बच्चों का मुख्यमंत्री ने हालचाल पूछा, पढ़ने के लिए प्रेरित कर उन्हें चाकलेट गिफ्ट किया।

 

 

#: योगी

Source : Agency

पाठको की राय