Tuesday, October 20th, 2026

महिला कांग्रेस नेता नूरी खान ने दिया इस्तीफा, कुछ घंटे बाद ले लिया वापस

भोपाल
महिला कांग्रेस की नेता नूरी खान के इस्तीफा देने से मध्य प्रदेश में जबर्दस्त सियासी ड्रामा देखने को मिला। नूरी खान मध्य प्रदेश कांग्रेस की पुरानी दिग्गज नेता हैं। वहीं उन्हें प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ का करीबी भी बताया जाता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर अपने इस्तीफे की बात कही। इससे कांग्रेस पार्टी में हड़कंप जैसी स्थिति रही। हालांकि कुछ देर के बाद ही उन्होंने अपना इस्तीफा वापस भी ले लिया।

टि्वटर पर पोस्ट किया इस्तीफा
नूरी खान ने अपना इस्तीफा टि्वटर पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, कांग्रेस पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा। कांग्रेस पार्टी में रहकर अल्पसंख्यक कार्यकर्ताओं और अपने लोगों को राजनैतिक एवं सामाजिक न्याय दिलाने में असहज महसूस कर रही हूं। भेदभाव की शिकार हो रही हूं। अतः अपने सारे पदों से आज इस्तीफा दे रही हूं। गौरतलब है कि नूरी खान मध्य प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य भी हैं। वह अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक भी हैं। नूरी ने अपने इस्तीफे में यह भी लिखा कि जब पार्टी में मेरे जैसे कार्यकर्ताओं की स्थिति ऐसी है, तो दूसरों का क्या हाल होगा समझा जा सकता है। बता दें कि नूरी पिछले 22 साल से कांग्रेस से जुड़ी हुई हैं। वह विभिन्न मोर्चों पर सक्रिय रहती हैं। कोविड काल के दौरान भी वह पूरी तरह से एक्टिव थीं।

फिर इस तरह से लिया वापस
नूरी खान के इस्तीफा देते ही मध्य प्रदेश कांग्रेस में हड़कंप मच गया। लेकिन इस ड्रामे में अभी टि्वस्ट आना बाकी था। इस्तीफा देने के कुछ घंटे बाद नूरी खान ने फिर टि्वटर पर पोस्ट किया। इस बार उन्होंने लिखा, प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ जी से चर्चा कर मैंने अपनी सारी बात पार्टी के समक्ष रखी है। 22 साल में पहली बार मैंने इस्तीफ़े की पेशकश की। कहीं ना कहीं। मेरे अंदर एक पीड़ा थी, लेकिन कमलनाथ जी के नेतृत्व में विश्वास रख अपना इस्तीफ़ा वापस ले रही हूं।

 

 

#Women Congress leader Noori Khan

Source : Agency

पाठको की राय