समुद्र तट पर घूमने गई महिला ने खोजा 18 लाख साल पुराना 'खजाना'
इंग्लैंड
दुनिया में कई लाख साल पहले विशालकाय जानवर रहा करते थे. इसमें डायनासोर के बारे में सभी को मालूम है, लेकिन बेहद ही कम लोग इस बात को भी जानते हैं कि पहले धरती पर विशालकाय हाथियों का भी बसेरा था. इन्हें मैमथ कहा जाता था. दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में आज भी इनके अवशेष मिल जाते हैं. ऐसा ही कुछ इंग्लैंड में भी खोजा गया है. एक महिला ने समुद्र तट पर घूमते हुए अजीब सी चीज दिखने पर खुदाई की तो उसे मैमथ मिला.
इंग्लैंड के एक्सेक्स में रहने वाली 56 साल की क्रिस बीन समुद्र तट पर घूम रही थीं, तभी उन्हें रेत और बजरी के बीच एक चीज नजर आई. जब उन्होंने थोड़ी खुदाई की तो उन्हें लाखों साल पहले रहने वाले मैमथ के अवशेष मिले. उन्होंने बताया, "मैं उस चीज को जमीन पर पड़े देखा और मुझे लगा कि ये शायद दांत होगा या उससे मिलती-जुलती कोई चीज. मैंने हाथों से जब खुदाई शुरू तो मुझे समझ में आया कि ये जमीन के भीतर इतनी गहराई में है कि मैं इसे नहीं खोद पाऊंगी."
समुद्र तट से बाहर आया मैमथ का दांत
क्रिस बीन ने कहा कि वह अपने पति के साथ समुद्र तट पर घूमने गई थी. उसने बताया कि जब मैंने और मेरे पति ने मिलकर खुदाई की तो हमें पता चला कि ये जीवाश्म दांत है. क्रिस ने बताया, "उत्तरी एक्सेक्स के समुद्र तट इस तरह की चीजों की खोज के लिए फेमस हैं. मगर मैं फिर भी खुद पर विश्वास नहीं कर पा रही थी और खुदाई के वक्त उम्मीद कर रही थी कि ये मैमथ का ही दांत हो." उसने बताया कि जब दांत बाहर निकाला गया तो हम दोनों ही बहुत देर तक हंसते ही रहे.
एक दांत का वजन 2 किलोग्राम
जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, मैमथ के जिस दांत की खोज की गई है, वो 6.5 से 7 इंच लंबा और चौड़ा है. इसका वजन लगभग 2 किलोग्राम है. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि जब एक दांत इतना भारी है, तो ये जानवर कितना विशालकाय रहा होगा. मैमथ धरती पर 18 लाख साल पहले रहा करते थे. उनकी बनावट बिल्कुल हाथियों की तरह होती थी, मगर शरीर के ऊपर ठंड से बचाने के लिए मोटी खाली मौजूद थी. उनके हाथियों के तरह सूंड़ और लंबे दांत होते थे. पुरातत्त्व वेदाओं और वैज्ञानिकों के लिए मैमथ के अवशेष खजाने की तरह होते हैं.

पाठको की राय