Thursday, October 22nd, 2026

महिला को कार में अगवाकर लूटपाट

मुजफ्फरपुर
सदर थाना के भगवानपुर चौक के समीप बुधवार की देर शाम रेवा रोड से एक महिला का कार सवार तीन बदमाशों ने अपहरण कर लिया। उसके पास से दो लाख के जेवर, मोबाइल व पांच हजार लूट लिए। इसके बाद उसे अहियापुर थाना के संगमघाट ले जाकर छोड़ दिया। महिला वहां से किसी तरह घर पहुंची व परिजनों को जानकारी दी। गुरुवार को मुशहरी थाना के छपरा मेघ की रंजना शर्मा ने सदर थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। थानेदार सत्येंद्र कुमार मिश्र ने भगवानपुर चौक के समीप पहुंच छानबीन की। उन्होंने आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी को भी खंगाला। उन्होंने बताया कि बदमाशों की पहचान की जा रही है। इसमें ऑटो चालकों की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी भगवानपुर चौक पर पुलिस की वर्दी में ऑटो चालक मवेशी व्यवसायियों से लूटपाट कर चुके हैं। घटना के संबंध में रंजना शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके पति की मौत हो चुकी है। उन्हें एक बेटी व बेटा है। अभी वह अपने मायका भगवानपुर की सहजानंद कॉलोनी में रहती है। बुधवार को देवर के साथ बाइक से ससुराल मनियारी गई थी। वहां से देर शाम ऑटो से भगवानपुर के लिए निकली। ऑटो में पहले से भी कई यात्री बैठे थे। गोबरसही में सभी यात्री उतर गए। चालक उसे लेकर भगवानपुर पहुंचा। ऑटो से उतरकर वह आगे बढ़ने लगी। इसी बीच एक युवक ने उसे सोनू की मां कहते हुए आवाज लगाई। रंजना शर्मा ने बताया कि वह सोनू की मां नहीं है। इस बीच दूसरे बदमाशों ने उसका मुंह दबाकर सफेद कार में बैठा लिया। 

भाड़े के लिए 50 रुपये दिये
अपहरण के बाद कार में लूटपाट के दौरान सभी बदमाश रंजना शर्मा को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। वह बदमाशों के सामने जान बख्श देने की विनती करने लगी। संगमघाट के समीप उतारने के बाद बदमाशों से रंजना ने कहा कि घर जाने के लिए उसके पास भाड़ा भी नहीं है। इसके बाद एक बदमाश ने 50 रुपये दिये। इसके बाद रंजना वहां से भगवानपुर लौटी।
 

 

#Woman

Source : Agency

पाठको की राय