Saturday, October 24th, 2026

महिला को JCB ने कुचला, लोगों ने विरोध में जाम की सड़क, घटनास्थल से जेसीबी को जब्त

गया
बिहार के गया जिले के डोभी-चतरा मुख्य मार्ग पर बंसी मोड़ के समीप जेसीबी ने एक अधेड़ महिला को कुचल दिया. इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के हरदवन निवासी योगेश्वर महतो की 65 वर्षीय पत्नी रत्नीदेवी अपनी पोती 14 वर्षीय अंजनी कुमारी के साथ कोठवारा स्थित बैंक से रुपये निकासी कर वापस अपने घर हरदवन लौट रही थीं.

इसी दौरान बंसी मोड़ के समीप पीछे से आ रहे जेसीबी ने कुचल दिया. इस दौरान रतनी देवी की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. इससे आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों व परिजनों ने डोभी-चतरा सड़क मार्ग को लगभग तीन से चार घंटे तक जाम कर आवागमन को बाधित कर दिया. आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने बताया कि दुर्घटना के दौरान जोरदार आवाज के साथ महिला सड़क के नीचे खेत में जा गिरी व घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.

इधर, घटना के बाद जेसीबी अनियंत्रित होकर सड़क से 10 फुट नीचे खेत में जाकर पलट गया और चालक भाग निकला. घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची व सड़क को जाम कर रहे लोगों व स्थानीय ग्रामीणों को समझा-बुझा कर हटवाया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल भेज दिया.

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि घटनास्थल से जेसीबी को जब्त किया जायेगा. चालक किसी काम से घोड़ाघाट जा रहा था और उसी की लापरवाही से यह घटना हुई है. मृतक के परिजनों के द्वारा दिये गये आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

 

#Woman crushed

Source : Agency

पाठको की राय