शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिकता से हों विकास के काम - महंत
कोरबा
कोरबा जिला खनिज न्यास संस्थान की शासी परिषद की बैठक कलेक्टोरेट सभा कक्ष में हुई। बैठक में वर्ष 2021 के लिए विकास कार्यों की वार्षिक कार्ययोजना का अनुमोदन किया गया। बैठक में कलेक्टर श्रीमती साहू ने जिला खनिज न्यास संस्थान के संचालन से जुड़े केन्द्र सरकार द्वारा स्थापित नए नियमों और प्रावधानों की जानकारी सभी सदस्यों को दी। उन्होंने यह भी बताया कि कोरबा जिला खनिज न्यास संस्थान को औसतन 200 से 230 करोड़ रूपए प्रतिवर्ष मिलते हैं और इसी आधार पर संस्थान के नियमों के अनुसार इस वर्ष के लिए तीन गुना राशि के विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार की गई है। वास्तविक रूप में जैसे-जैसे राशि प्राप्त होती जाएगी वैसे-वैसे कार्यों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति एवं राशि जारी की जाएगी।
बैठक में सांसद श्रीमती महंत ने खनिज न्यास मद से जिले में शिक्षा और स्वास्थ्य की बेहतरी के साथ ग्रामीण इलाकों में लोगों की सहुलियतों के लिए ज्यादा से ज्यादा विकास कार्य स्वीकृत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले के ग्रामीण इलाकों में स्कूलों की मरम्मत, स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं की बढ़ोत्तरी के अधिक से अधिक काम स्वीकृत किए जाएं। श्रीमती महंत ने कहा कि दूरदराज के इलाकों में लोगों को बीमार होने पर ईलाज की बेहतर सुविधा देने के लिए स्वास्थ्य केन्द्रों में संसाधनों की जरूरत जिला खनिज न्यास मद से पूरी की जाए ताकि लोगों को पढ?े और ईलाज के लिए अच्छी सुविधाएं मिल सके। सांसद ने जिला खनिज न्यास मद से कोरबा जिले की सभी चार विधान सभाओं में बराबर अनुपात में विकास कार्यों की स्वीकृति पर जोर दिया। उन्होंने खनिज न्यास मद से जिले के दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं भी मुहैया कराने के लिए कहा। श्रीमती महंत ने पिछले वर्ष की कार्ययोजना में स्वीकृत कार्यों की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के पात्र हितग्राहियों को 150 रूपए अतिरिक्त पेंशन स्वीकृति के विषय मे भी पूछा। सांसद ने पिछले कोरोना काल में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जिले में खरीदे गए वेंटिलेटर एवं अन्य मेडिकल उपकरणों का भौतिक सत्यापन कर ही देयक भुगतान करने को कहा जिस पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई।
सदस्य के रूप में बैठक में वर्चुअल रूप से शामिल हुए विधायक पाली तानाखार मोहितराम केरकेट्टा ने सभी पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने जटगा में महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए भी राशि स्वीकृति की मांग बैठक में की। केरकेट्टा ने स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए गोल्डन आईलैण्ड और बुका को भी सतरेंगा की तर्ज पर पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की कार्ययोजना बनाने का भी प्रस्ताव रखा। बैठक में भू-विस्थापित परिवारों के बच्चों की शिक्षा और उच्च शिक्षा के लिए खनिज न्यास मद से छात्रवृत्ति देने की भी मांग बैठक में रखी गई।

पाठको की राय