Monday, October 19th, 2026

विंटर कार्निवाल: दो जनवरी को होगा महिलाओं का वाहन शक्ति प्रदर्शन

मनाली
विंटर कार्निवाल के शुभ अवसर पर मनाली की महिलाएं दो जनवरी को महिला वाहन शक्ति प्रदर्शन करेंगी। दो जनवरी को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शिक्षा मंत्री गोविन्द ठाकुर और भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर की उपस्थिति में महिला वाहन शक्ति प्रदर्शन को हरी झंडी देंगे। महिला मोर्चा की अध्यक्ष जिंदू ठाकुर इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। जिंदू ठाकुर ने कहा कि महिला वाहन शक्ति प्रदर्शन से महिलाओं को जागरूक किया जाएगा। दो जनवरी को शक्ति प्रदर्शन की शुरुआत मनाली से होगी। महिला वाहन शक्ति प्रदर्शन के माध्यम से बालिकाओं को सुरक्षा के टिप्स देते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। किसी भी तरह के होने वाले दुर्व्यवहार के विरूद्ध आवाज उठाने को प्रेरित किया गया।

महिला मोर्चा मनाली की अध्यक्ष जिन्दू ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री दो जनवरी को महिला वाहन शक्ति प्रदर्शन को अटल चौक रामबाग से हरी झंडी देकर रवाना करेंगे। शक्ति प्रदर्शन मनाली से शुरू होकर पतलीकूहल और पतलीकूहल से वापस मनाली अटल चौक में संपन्न होगा। इसमें भाग लेने वाली महिलाएं कुल्‍लवी पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेंगी। इस शक्ति प्रदर्शन में स्कूटी कार, जिप्सी आदि वाहन रहेंगे। उन्होंने कहा आज ग्रामीण और शहर की महिलाएं भी पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिला कर चल रही हैं। इस शक्ति प्रदर्शन से युवाओं को ट्रैफ़िक नियमों का पालन करने, बिना लाइसेंस वाहन न चलाने और बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन न चलाने, शराब पीकर गाड़ी न चलाने, ओवर टेक न करने तथा सीट बेल्ट पहनने को लेकर जागरूक किया जाएगा।

 

#Winter Carnival

Source : Agency

पाठको की राय