Saturday, October 24th, 2026

अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलेगा काम करने का मौका : प्रबंध संचालक यादव

एमपीयूडीसी में नव-नियुक्त उप-यंत्रियों और लेखाधिकारियों का उन्मुखीकरण

भोपाल

नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी में नव-नियुक्त उप-यंत्री और कनिष्ठ लेखाधिकारियों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम हुआ। कम्पनी के प्रबंध संचालक और आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास भरत यादव ने कहा कि कम्पनी एशियन डेवलपमेंट बैंक, विश्व बैंक और जर्मन बैंक केएफडब्ल्यू की सहायता से कार्य करती है। परियोजनाओं में अंतर्राष्ट्रीय स्तरों का ध्यान रखा जाता है। अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियों के साथ कार्य करने के अवसर आपके कैरियर में नए आयाम स्थापित करेंगे।

यादव ने प्रतिभागियों से कहा कि कार्य पूरी निष्ठा के साथ करें, निष्ठा के साथ किया गया कार्य आत्म-विश्वास बढ़ाता है और आत्म-विश्वास हर क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक है। उन्होंने नगरीय निकाय के अधिकारियों और जन-प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में कार्य करने की नसीहत भी नव-नियुक्त उपयंत्रियों को दी। प्रबंध संचालक ने नई तकनीक से अद्यतन रहने और कार्य-प्रणाली में नवाचारों को शामिल करने पर भी जोर दिया। उल्लेखनीय है कि कम्पनी द्वारा राज्य कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से चयनित 7 कनिष्ठ लेखाधिकारियों और 14 उपयंत्रियों को नियुक्ति दी गई है।

इस अवसर पर कम्पनी के प्रमुख अभियंता दीपक रत्नावत, मुख्य अभियंता विजय कुमार गुप्ता और अन्य अधिकारियों ने भी प्रतिभागियों को कम्पनी की कार्य-प्रणाली से अवगत कराया।

 

 

#Managing Director Yadav

Source : Agency

पाठको की राय