Wednesday, October 21st, 2026

मतगणना स्थल पर 4 जून को डंडा और झंडा लेकर मौजूद रहेंगे : कांग्रेस

अयोध्या
 लोकसभा चुनाव के बाद तमाम एजेंसियों की ओर से एग्जिट पोल में एनडीए को बहुमत मिलता नजर आ रहा है। एग्जिट पोल के आंकड़ों पर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव जयकरण वर्मा ने सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल में गलत आंकड़े पेश किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह एग्जिट पोल जनता का नहीं है, यह एग्जिट पोल सरकारी है। यह एग्जिट पोल बीजेपी दफ्तर में बनाया गया है, जनता का एग्जिट पोल 295 प्लस सीट से इंडिया गठबंधन के पक्ष में है। देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि 4 जून को काउंटिंग के दौरान एक हाथ में डंडा और एक हाथ में झंडा लेकर मतगणना स्थल पर कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहेंगे। अगर काउंटिंग में किसी भी प्रकार की बेईमानी हुई तो लड़ेंगे, भिड़ेंगे, जेल जाएंगे, लाठी खाएंगे, लाठी मारने का भी काम करेंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हमारे देश पर खतरा पैदा हुआ। अगर लोकतंत्र में खतरा पैदा हुआ तो उसके लिए इंडिया गठबंधन के सभी नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए तैयार रहेंगे।

बता दें कि शनिवार को लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के बाद देर शाम तमाम एजेंसियों और न्यूज चैनल्स पर एग्जिट पोल जारी किए गए थे। एग्जिट पोल के अनुसार देश में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनती हुई दिखाई दे रही है। एग्जिट पोल के आंकड़ों पर अब सियासत तेज हो चुकी है। सत्ता पक्ष के लोग एग्जिट पोल के सटीक होने का दावा कर रहे हैं तो वहीं, विपक्ष के नेता इसे फर्जी बता रहे हैं। विपक्षी नेताओं का मानना है कि इंडिया गठबंधन को 295+ सीटें मिल रही है और देश में इस बार इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।

 

#Lok Sabha elections

Source : Agency

पाठको की राय