Thursday, October 22nd, 2026

क्या अखिलेश चुनाव में नहीं करेंगे प्रचार? प्रदेश अध्यक्ष ने दिया जबाव- उनकी लोकप्रियता बढ़ी है, सबसे ज्यादा सीटें सपा ही जीतेगी

लखनऊ
 उत्तर प्रदेश में 4 और 11 मई को होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए सभी पार्टियां जोरों शोरों से चुनाव प्रचार कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी चुनाव में जीत हासिल करने की सारी बागडोर अपने हाथों में ले रखी है। लेकिन, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अभी तक चुनाव प्रचार के लिए मैदान में नहीं उतरें है। जो चर्चा का एक विषय बना हुआ है। इसी को लेकर सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने सफाई देते हुए कहा है कि, "हम लोग अखिलेश यादव के विचारों को लेकर ही चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
 
बता दें कि, सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने अखिलेश के अभी तक प्रचार न करने वाले सवालों पर जबाव देते हुए कहा है कि, "पार्टी के नेता अखिलेश यादव के विचारों और उनके सिद्धांतों को हर शहर, गांव और गलियों में बता रहे हैं। इस चुनाव में यह साबित हो जाएगा कि अखिलेश यादव की लोकप्रियता बढ़ी है। चुनाव में सबसे ज्यादा सीटें सपा ही जीतेगी। बीजेपी के नेता इस बारे में झूठ बोल रहे हैं। उनके पास बताने के लिए कुछ नहीं है. यह बहुत बड़ा चुनाव है। सपा के पक्ष में जो उत्साह है, उससे साबित होता है अखिलेश की लोकप्रियता बढ़ी है।"
 
वहीं, नरेश उत्तम पटेल ने बीजेपी पर भी निशाना साधा है और कहा कि, "बीजेपी केंद्र और यूपी में घोषणा पत्र जारी करती रहती है, लेकिन वह सारे झूठे रहते हैं। महंगाई, बेरोजगारी, किसान और कुटीर उद्योग समेत सभी मुद्दों पर किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि, अर्थव्यवस्था चौपट है, गरीबी अमीरी के बीच बहुत बड़ी खाई है,, गरीब और गरीब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि, बीजेपी दोहरे चरित्र की पार्टी है। अखिलेश यादव का संकल्प और अपील ही सपा का घोषणा पत्र है। बीजेपी कभी अपने वादों को पूरा नहीं करती वो वादा खिलाफी करती है, जो कहती है कभी नहीं करती।

 

#अखिलेश चुनाव

Source : Agency

पाठको की राय