WI vs ENG: 101 पर वेस्टइंडीज ने खो दिए थे 3 विकेट, फिर इन दो बल्लेबाजों ने शतक ठोक कराई जोरदार वापसी
नई दिल्ली
वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच बारबाडोस में जारी दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन मेजबान टीम के दो बल्लेबाजों ने शतक जड़ इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने चार विकेट के नुकसान पर 288 रन बना लिए हैं। क्रीज पर कप्तान क्रेग ब्रेथवेट के साथ अलजारी जोसेफ मौजूद हैं। इससे पहले इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी 507 रनों पर घोषित कर दी थी। इंग्लैंड के लिए कप्तान जो रूट और हरफनमौला बेन स्टोक्स ने शतक जड़े थे।
वेस्टइंडीज ने तीसरे दिन की शुरुआत 1 विकेट के नुकसान पर 71 रनों से की। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए शमरह ब्रूक्स 105 गेंदों पर 39 रन बनाकर जैक लीच का शिकार बने। ब्रुक्स के रूप में विंडीज को दूसरा झटका 83 के स्कोर पर लगा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए नक्रमाह बोनेर भी जल्दी पवेलियन लौटे और 101 के स्कोर पर विंडीज अपने 3 विकेट खो बैठा था। उस समय ऐसा लगने लगा कि इंग्लैंड यहां से अपना शिकंजा कस लेगा मगर तब क्रेग ब्रेथवेट और जर्मेन ब्लैकवुड ने शतक जड़ टीम को मुश्किल स्थिति से निकाला।
ब्रेथवेट 337 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 109 रन पर नाबाद हैं, वहीं ब्लैकवुड 215 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 102 रन बनाकर लॉरेंस का शिकार बने। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 183 रनों की साझेदारी हुई और इस दौरान उन्होंने 412 गेंदोबाजों का सामना किया। ब्लैकवुड के आउट होने के बाद नाइट वॉचमैन के रूप में बल्लेबाजी करने आए अल्जारी जोसेफ 4 रन बनाकर कप्तान क्रेग ब्रैथवेट का साथ दे रहे हैं। इंग्लैंड के लिए लॉरेंस, लीच, स्टोक्स और फिशर को 1-1 विकेट मिली हैं।

पाठको की राय