Wednesday, October 21st, 2026

CBI Manish Sisodia की गिरफ्त में क्यों? खुद जांच एजेंसी ने बताया कारण, AAP करेगी देशव्यापी प्रदर्शन

नई दिल्ली  
CBI Manish Sisodia को अरेस्ट कर चुकी है। 8 घंटे से अधिक समय की इनक्वायरी के बाद हुई गिरफ्तारी से AAP आक्रोशित है। इसी बीच आम आदमी पार्टी 27 फरवरी 2023 को दोपहर 12 बजे के करीब भाजपा मुख्यालय पर धरना देने का ऐलान कर चुकी है। AAP का विरोध शराब नीति मामले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ होगा।

आम आदमी पार्टी ने सीबीआई की कार्रवाई को अन्याय करार दिया है। पार्टी ने कहा है कि बदले की गंदी राजनीति हो रही है। AAP ने शराब नीति मामले में दिल्ली के डिप्टी सीएम और आप नेता मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ हल्ला बोलने का फैसला लिया है। AAP ने कहा है कि देशभर में आम आदमी पार्टी 27 फरवरी, सोमवार को अखिल भारतीय विरोध प्रदर्शन करेगी।
 
इससे पहले रविवार रात आप सांसद संजय सिंह ने ट्वीट किया कि दिल्ली पुलिस ने मुझे, मंत्री गोपाल राय जी, विधायक ऋतुराज झा, दिनेश मोहनिया, रोहित महरौलिया, आदिल खान समेत कई पार्षदों और कार्यकर्ताओं को फतेहपुर बेरी थाने से गिरफ्तार किया है। सीबीआई की कार्रवाई के बीच AAP और भाजपा की जुबानी जंग और बयानों के बीच राजनीतिक तपिश झेल रही दिल्ली की पुलिस ने AAP सांसदों-विधायकों की गिरफ्तारी का खंडन किया है। दिल्ली पुलिस ने कहा, आप विधायक संजय सिंह और पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं को फतेहपुर बेरी थाने में एहतियातन हिरासत में लिया गया है पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार नहीं किया है।

डीसीपी दक्षिण चंदन चौधरी ने बताया कि संजय सिंह (सांसद राज्यसभा), गोपाल राय (विधायक और मंत्री) रोहित कुमार महरौलिया (विधायक, त्रिलोकपुरी) और दिनेश मोहनिया (विधायक संगम विहार) सहित कुल 36 लोगों को दक्षिण जिले में धारा 144 सीआरपीसी के प्रावधानों का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। बता दें कि दंड प्रक्रिया संहिता (Cr.PC) के इस कानूनी प्रावधान या निषेधाज्ञा से लोगों की सभाओं और रैलियों पर रोक लगाई जाती है।

 

#CBI Manish Sisodia

Source : Agency

पाठको की राय