Friday, October 23rd, 2026

MP में शिवराज या कमलनाथ किसे सीएम कुर्सी पर देखना चाहती है जनता, एबीपी-सी वोटर सर्वे ने बताया

भोपाल  
मध्य प्रदेश में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। लगभग पांच महीने पहले दोनों पार्टियों ने चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव तारीखों की घोषणा से पहले दोनों पार्टियों ने अपने पक्ष में माहौल बनाने की कवायद शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अलग-अलग जिलों का दौरा करके जनता के बीच सरकार की उपलब्धियां गिना रहे हैं। वहीं कांग्रेस की तरफ से पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय ने मोर्चा संभाल लिया है। पार्टी उन विधानसभा क्षेत्रों पर फोकस कर रही है जहां कांग्रेस को हार मिली थी। इसी बीच एक सर्वे में बताया गया है कि जनता किसे मुख्यमंत्री के पद पर देखना चाहती है।

सर्वे के अनुसार, शिवराज सिंह चौहान और कमलनाथ के बीच सीधी टक्कर दिख रही है। सर्वे में शामिल 37 प्रतिशत लोगों ने सीएम पद के लिए शिवराज को तो 36 फीसदी ने कमलनाथ को अपनी पसंद बताया है। वहीं कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आने वाले कैबिनेट मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भी समर्थकों की कमी नहीं है। सिंधिया को 12 प्रतिशत लोग राज्य की सत्ता पर देखना चाहते हैं। इसके अलावा पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को केवल एक प्रतिशत सीएम के तौर पर देखना चाहते हैं।  इस सर्वे में 17 हजार 113 लोगों ने अपनी राय दी है।

2020 में हुआ था तख्तापलट
सर्वे में 14 प्रतिशत लोगों ने इनमें से किसी को भी सीएम पोस्ट के लिए अपनी पसंद नहीं बताया है। बता दें कि 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में जनता ने सत्ता की कमान कांग्रेस को सौंपी थी। पार्टी ने कमलनाथ को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी थी। मगर उनका कार्यकाल ज्यादा नहीं चल सका। 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस से बगावत करके बीजेपी ज्वाइन कर ली। उनके साथ बहुत सारे विधायक भी बीजेपी में शामिल हो गए। इससे कांग्रेस सरकार गिर गई। सिंधिया खेमे के विधायकों के साथ से बीजेपी ने मध्य प्रदेश में दोबारा अपनी सरकार बनाई।

 

 

#विधानसभा चुनाव

Source : Agency

पाठको की राय