Tuesday, October 27th, 2026

कौन हैं आसिम राजा, जिन्हें आजम ने बनाया रामपुर से उम्मीदवार

लखनऊ
रामपुर लोकसभा उपचुनाव में उम्मीदवारी को लेकर तमाम अटकलबाजियों पर विराम लगाते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) ने रामपुर से प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है। अब तक सपा से नाराज बताए जा रहे आजम खान ने ही उम्मीदवार के नाम की घोषणा की और कहा कि उनके पुराने साथी आसिम राजा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। आजम खान ने आसिम के नाम का ऐलान करते हुए कहा कि इस जीत से वह सबकी तकलीफों का हिसाब लेना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आसिम हार गए तो उनकी मुश्किलें बढ़ जाएंगी। आसिम राजा रामपुर का जाना माना नाम हैं। वह 10 बार के विधायक आजम खान के करीबी नेताओं में शामिल हैं और इस समय सपा के नगर अध्यक्ष हैं। आसिम राजा शमसी बिरादरी से आते हैं। उनकी शमसी बिरादरी में मजबूत पैठ है। पूर्व में व्यापारी नेता रहे हैं। लंबे समय से सपा से जुड़े हुए हैं। उनकी गिनती आजम खान के भरोसेमंद लोगों में होती है।

खुद आजम खान ने आसिम राजा के नाम का ऐलान करते हुए उन्हें अपना अजीज साथी और लंबा सियासी तजुर्बा रखने वाला बताया। उन्होंने कहा, हम आसिम राजा को लड़ाना चाहते हैं और आप सबकी तकलीफों का हिसाब लेना चाहते हैं।'' आजम खान ने कहा,  ''बहुत लंबी मुद्दत के लिए यह चुनाव नहीं है। हम एक ऐसी मिशाल पेश करेंगे, मैं पिछला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ता, लेकिन मुझे मालूम था कि कचहरी तक नहीं पहुचने दिया जाएगा, और चुनाव निर्विरोध हो जाएगा। यह विधानसभा में आलम था जो दहशत थी और पुलिस का रोल था, जो यहां का इंतजामिया था, विधानसभा चुनाव में भी यह अंदाजा था। हमने आपके भरोसे पर खड़ा उतरने की कोशिश की है और दुआ करिए कि यह सिर मालिक के सिवा कहीं ना झुके। और इसके झुकने की नौबत आए तो यह सिर धर पर ना रहे।''

और श्याह हो जाएंगी मेरी रातें: आजम
आजम खान ने आसिम की जीत की अपील करते हुए कहा कि यदि चूक हो गई तो उनकी मुश्किलों में इजाफा हो जाएगा। आजम खान ने कहा, ''जरा सी कोताही हुई तो मेरी श्याह रातें और श्याह हो जाएंगी। मेरे लम्हे वर्षों में बदल जाएंगे। मेरी तकलीफ में इजाफा हो जाएगा। मेरा यकीन मेरा भरोसा टूट जाएगा। यदि मेरा भरोसा टूट गया तो मैं टूट जाऊंगा और मैं टूट गया तो बहुत कुछ टूट जाएगा। आज फिर तुम्हारा इम्तिहान है।''

आजम खान के दो करीबियों में होगी टक्कर
भारतीय जनता पार्टी पहले ही रामपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर चुकी है। पार्टी ने सपा के ही पूर्व नेता घनश्याम लोधी को टिकट दिया है। दिलचस्प यह है कि लोधी भी कभी आजम खान के करीबी रह चुके हैं। घनश्याम और आसिफ के नाम के ऐलान के बाद यह साफ हो गया है कि रामपुर में आजम के ही दो करीबियों के बीच मुकाबला होने जा रहा है।

 

 

#Who is Asim Raja#whom Azam

Source : Agency

पाठको की राय