Sunday, October 25th, 2026

PM मोदी की बैठक में हिस्सा लेना है या नही? गुपकर गठबंधन के नेता आज की मीटिंग में लेंगे फैसला 

 श्रीनगर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में 24 जून को जम्मू-कश्मीर के नेताओं की सर्वदलीय बैठक बुलाई है। उमर अब्दुल्ला, फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती समेत 14 नेताओं को प्रधानमंत्री की इस बैठक में शामिल होने का न्योता मिला है। पीएम नरेंद्र मोदी की इस बैठक में शामिल होना है या नहीं, इस बात पर फैसला करने के लिए गुपकर गठबंधन के नेताओं ने आज मंगलवार (22 जून) को नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला के आवास पर बैठक बुलाई है। इस बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी की सर्वदलीय बैठक में जाना है या नहीं, इसपर आज आखिरी फैसला किया जाएगा। ये बैठक सुबह 11 बजे बुलाई गई है।

जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे की बहाली की मांग को लेकर 6 पार्टियों ने मिलकर गुपकर घोषणापत्र गठबंधन (पीएजीडी) का गठन किया था। इसमें नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) दो प्रमुख पार्टी हैं। फारूक और उनके बेटे उमर अब्दुल्ला, पीडीपी की महबूबा मुफ्ती और मोहम्मद यूसुफ तारिगामी समेत गठबंधन के चार नेताओं को पीएम की सर्वदलीय बैठक के लिए बुलाया गया है। केंद्र द्वारा बुलाई गई ये बैठक अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बाद पहली कवायद होगी।

 पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला अपने आवास पर पीपुल्स अलायंस फॉर गुपकर डिक्लेरेशन (पीएजीडी) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इससे पहले पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं के साथ महबूबा मुफ्ती ने बैठक की थी। पीएजीडी के प्रवक्ता मोहम्मद युसूफ तारिगामी ने कहा, "पीएजीडी के सभी नेताओं को बैठक में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया गया है और इस बैठक में सभी के शामिल होने की संभावना है, जिसमें गठबंधन के नेता रणनीति के बारे में फैसला करेंगे।" 

 

#गुपकर गठबंधन

Source : Agency

पाठको की राय