Wednesday, October 21st, 2026

जब विराट कोहली ने रिजवान से कहा था- क्या कर रहे हो, 100 के अंदर ही सबको आउट कर दोगे क्या

नई दिल्ली
टी20 कप्तान के तौर पर विराट कोहली का आखिरी टूर्नामेंट आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 था। इस टूर्नामेंट की मेजबानी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने की थी, जबकि सभी मैच दुबई, अबुधाबी और शारजाह में खेले गए थे। टीम इंडिया का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2021 में काफी खराब रहा था, जहां ओपनिंग मैच में ही टीम इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ 10 विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। पाकिस्तान की जीत के हीरो रहे मोहम्मद रिजवान और कप्तान बाबर आजम ने मैच के बाद विराट कोहली से कुछ बातचीत भी की थी। मैच के बाद एक फोटो खूब वायरल हुई थी, जिसमें मोहम्मद रिजवान टीम इंडिया के उस समय के कप्तान विराट से गले मिल रहे हैं।

24 अक्टूबर 2021 को यह ऐतिहासिक मैच खेला गया था, जिसमें भारत ने 20 ओवर में सात विकेट पर 151 रन बनाए थे, जवाब में पाकिस्तान ने बिना विकेट गंवाए 17.5 ओवर में ही 152 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया था। यह किसी भी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया की पहली हार थी। रिजवान ने नॉटआउट 79 और बाबर आजम ने नॉटआउट 68 रनों की पारी खेली थी। भारत की ओर से विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए थे। रिजवान ने paktv.tv को पर कहा, 'कुछ चीजें रणनीति का हिस्सा होती हैं। इसमें कोई शक नहीं कि विराट कोहली दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी हैं। जब हम क्रिकेट खेलते हैं, तो एक परिवार के तौर पर खेलते हैं। मुझे याद है जब हमने ऋषभ पंत के लिए एलबीडब्ल्यू रिव्यू लिया था, तो विराट ने कहा था- अरे क्या कर रहे हो? सबको 10 ओवर के अंदर आउट कर दोगे क्या?' रिजवान ने आगे कहा, 'लेकिन जैसा कि मैंने कहा यह सब रणनीति होती है, फिर जब हम बल्लेबाजी करने उतरे, तब भी मैंने उनसे बात की थी। चेंजरूम में हमारे बीच जो बातचीत हुई, उसको मैं डिस्क्लोज नहीं कर सकता हूं, लेकिन इतना जरूर कह सकता हूं कि वह बहुत अच्छे इंसान हैं। मेरा ध्यान सिर्फ अपने खेल को निखारने पर है। शुरुआत में मैं सचिन तेंदुलकर और फिर एबी डिविलियर्स को अपना आइडल मानता था। हां, मैंने इन लोगों को खेलते हुए देखकर काफी कुछ सीखा है, लेकिन मैं इनको कॉपी करने की कोशिश नहीं करता हूं।'

 

 

#Virat Kohli

Source : Agency

पाठको की राय