क्या है शिवपाल का फ्यूचर पॉलिटिक्स प्लान? आजमगढ़ से चुनाव लड़ने के दिए संकेत; बीजेपी पर बोला हमला
लखनऊ
समाजवादी पार्टी के महासचिव शिवपाल सिंह यादव के फ्यूचर पॉलिटिक्स प्लान को लेकर यूपी के सियासी गलियारों में एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। शिवपाल ने संकेत दिए हैं कि 2024 के लोकसभा चुनाव में वह आजमगढ़ से उम्मीदवार हो सकते हैं। इस बीच वह बीजेपी पर काफी हमलावर हो गए हैं। शनिवार को उन्होंने बिजली कटौती को लेकर सरकार पर हमला बोला था। रविवार को उन्होंने किसानों के मुद्दे पर सरकार को पूरी तरह फेल बताया।
एक ट्वीट में शिवपाल ने लिखा, 'किसानों के मुद्दे पर यह तथाकथित ट्रिपल इंजन की सरकार फेल है। नहरों में पानी नहीं है, ट्यूबल चलाने के लिए बिजली नहीं है और बाकी बची कसर नीलगाय व सांड पूरी कर रहे हैं। ट्रिपल इंजन मतलब विफल सरकार!'
इसके पहले शुक्रवार को शिवपाल आजमगढ़ के दौरे पर थे। वहां उन्होंने बीजेपी की केंद्र सरकार की नौ साल की उपलब्धियों पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार बिजली, पानी, बढ़ती महंगाई और रोजगार में फेल हैं। इस बार चुनाव में समाजवादी पार्टी 80 सीटों पर लड़ेगी। आजमगढ़ लोकसभा से भी उम्मीदवार का जल्द ही एलान होगा। क्या शिवपाल खुद आजमगढ़ से लड़ेंगे? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि जो पार्टी कहेगी, उसका पालन करेंगे। पार्टी बहुत जल्द प्रत्याशी तय कर देगी। शिवपाल यादव ने शुक्रवार को रानी की सराय इलाके के चड़ई गांव पहुंचकर कुछ दिनों पहले छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में तैनात सीआरपीएफ जवान परविंद यादव के निधन पर शोक जताया। वह महराजगंज में संत कवलदास की पुण्यतिथि के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने जवान को शहीद का दर्जा देने की मांग की।
#शिवपाल का फ्यूचर पॉलिटिक्स प्लान

पाठको की राय