Wednesday, October 21st, 2026

ऐसा क्या हो गया है यूपी पुलिस पूरे मंडल में दौड़ती-हांफती दिखी, बड़े-बड़े अधिकारी भी हो गए पस्त

मुरादाबाद
संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर शनिवार को मंडलभर में किसानों ने जगह-जगह सरकार के पुतले फूंककर विरोध जताया। किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। सुबह से शुरू हुआ पुतला दहन का कार्यक्रम शाम तक अलग अलग स्थानों पर चलता रहा। मुरादाबाद और संभल में पुलिस ने भाकियू नेताओं को घर में ही नजरबंद कर दिया तो वहीं रामपुर में पुलिस की सख्ती के चलते किसान पुतला दहन नहीं कर पाए। शनिवार को किसानों ने मंडल के हर जिले में कृषि कानूनों के खिलाफ सरकार का पुतला दहन किया और नारेबाजी करके अपने गुस्से का इजहार किया। मूंढापांडे के गांव मानपुर पट्टी में भाकियू नेता धर्मेश सिंह ने साथियों के साथ गांव में सरकार के पुतले का दहन किया। इस मौके पर अजयपाल सिंह, अजय वीर, सचिन, ऋषिपाल सिंह,चंद्र पाल सैनी आदि मौजूद रहे। वहीं भाकियू के पूर्व महानगर अध्यक्ष रणधीर व नरेश प्रताप आदि ने भी पुतला दहन कर विरोध जताया। कांठ के ग्राम बेगमपुर में किसानों ने रामकला सिंह के घर के बाहर पुतला दहन किया। इसके साथ ही कांठ में पूर्व महामंत्री धर्मपाल सैनी ने साथियों के साथ पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया। कांठ में पुलिस ने कुछ किसानों को घर में ही नजरबंद कर दिया। भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने दावा किया कि राष्ट्रीय आह्वान पर सरकार का पुतला दहन कार्यक्रम पूरी तरह से सफल रहा।

संभल में रात में ही नेता किए नजरबंद
संभल। संभल में पुलिस ने किसानों के आह्वान को देखते हुए अधिकांश किसान नेताओं को शुक्रवार की रात को ही घरों पर नजरबंद कर दिया था। इसी के चलते बड़े स्तर पर पुतला दहन नहीं हो सका। हालांकि किसानों को छोटे-छोटे समूहों ने कई जगह पुतला फूंककर नाराजगी जताई। गुन्नौर तहसील इलाके के एक दो गांव में पुतला जलाने को लेकर पुलिस और किसानों में छीनाझपटी भी हुई।

अमरोहा में महापंचायत स्थल पर फूंका पुतला
अमरोहा में भी कई स्थानों पर किसानों ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका। भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी रामपाल सिंह व संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी विजयपाल सिंह के बेटे दानवीर सिंह के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ता व किसानों ने शनिवार दोपहर जोया मार्ग पर रविवार को प्रस्तावित किसान महापंचायत स्थल पर पुतला फूंका। वहीं, भाकियू असली के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ एडीएम विनय कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा।

रामपुर में पुतले को लेकर छीनाझपटी
पुलिस ने रामपुर में किसानों को कहीं भी प्रधानमंत्री  और गृहमंत्री का पुतला फूंकने नहीं दिया|    कोयला टोल प्लाजा पर पुलिस और किसानों के बीच पुतले को लेकर छीनाझपटी हुई। कई किसानों के कपड़े भी फट गए। मिलक में पुतला फूंकने जा रहे हैं किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मसवासी में भी किसान पुतला नहीं फूंक सके।
 

 

#What

Source : Agency

पाठको की राय