Friday, October 23rd, 2026

वेस्टइंडीज ने अमेरिका को बुरी तरह मसला, रसेल-चेज के बाद शाई होप ने काटा गदर

ब्रिजटाउन  

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में सुपर-8 की जंग जारी है. 22 जून (शनिवार) को ब्रिजटाउन के केंसिंग्टन ओवल में वेस्टइंडीज और संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के बीच मुकाबला खेला गया. इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 9 विकेट से एकतरफा जीत हासिल की. यूएसए ने वेस्टइंडीज को 129 रनों का टारगेट दिया था, जिसे उसने 55 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया.

वेस्टइंडीज के लिए ओपनर बल्लेबाज शाई होप ने सिर्फ 39 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए, जिसमें आठ छक्के और चार चौके शामिल रहे. वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन 27 रन बनाकर नाबाद रहे. पूरन ने 12 गेंदों का सामना किया और तीन छक्के के अलावा एक चौका जड़ा. जबकि जॉनसन चार्ल्स ने 15 रनों की पारी खेली. यूएसए की ओर से इकलौता विकेट हरमीत सिंह ने झटका.


सुपर-8 में वेस्टइंडीज की यह पहली जीत रही. इससे पहले उसे पहले मैच में इंग्लैंड ने हरा दिया था. दूसरी ओर यूएएस ने सुपर-8 में अपने दोनों मैच गंवाए हैं. अब वेस्टइंडीज की टीम सुपर-8 के अपने आखिरी मैच में साउथ अफ्रीका का सामना करेंगी. वहीं यूएसए गत चैम्पियन इंग्लैंड से भिड़ेगा. ग्रुप-2 में साउथ अफ्रीका ने दोनों मैच जीते हैं और वह पहले नंबर पर है. इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने दो में से एक-एक मैच जीता है, लेकिन बेहतर नेट रनरेट के चलते वेस्टइंडीज दूसरे नंबर पर है.

चेज-रसेल ने यूएसए को कम स्कोर पर समेटा

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमेरिकी टीम 19.5 ओवरों में 128 रन पर सिमट गई. विकेटकीपर बल्लेबाज एंड्रीज गौस ने सबसे ज्यादा 16 गेंदों पर 29 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और एक सिक्स शामिल रहा. वहीं नीतीश कुमार ने 20 और मिलिंद कुमार ने 19 रनों की पारी खेली. वेस्टइंडीज की ओर से आंद्रे रसेल और रोस्टन चेज ने तीन-तीन विकेट चटकाए. जबकि अल्जारी जोसेफ को दो और गुडाकेश मोती को एक विकेट मिला.

सुपर-8 में 4-4 टीमों के दो ग्रुप हैं. इन दोनों ग्रुपों से ही टॉप पर रहने पर 2-2 टीमों को सेमीफाइनल में जगह मिलेगी. ग्रुप-1 में भारत के अलावा बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान है. वहीं ग्रुप-2 में वेस्टइंडीज, यूएसए, साउथ अफ्रीका और गत चैम्पियन इंग्लैंड को रखा गया है.

टी20 वर्ल्ड कप 2024 में बाकी मैचों का शेड्यूल
22 जून- भारत बनाम बांग्लादेश, एंटीगा, रात 8 बजे
23 जून- अफगानिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया, सेंट विंसेंट, सुबह 6 बजे
23 जून- यूएसए बनाम इंग्लैंड, बारबाडोस, रात 8 बजे
24 जून- वेस्टइंडीज बनाम साउथ अफ्रीका, एंटीगा, सुबह 6 बजे
24 जून- ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत, सेंट लूसिया, रात 8 बजे
25 जून- अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश, सेंट विंसेंट, सुबह 6 बजे

27 जून- सेमीफाइनल 1, गुयाना, सुबह 6 बजे
27 जून- सेमीफाइनल 2, त्रिनिदाद, रात 8 बजे
29 जून- फाइनल, बारबाडोस, रात 8 बजे

(सभी मैचों के समय भारतीय समयानुसार)

 

 

#ICC T20 World Cup

Source : Agency

पाठको की राय