Wednesday, October 21st, 2026

पश्चिम बंगाल निकाय चुनाव: 108 नगर पालिकाओं के लिए वोटिंग जारी, शाम 5 बजे तक होगा मतदान

 बंगाल
 पश्चिम बंगाल निकाय चुनाव में 108 नगर पालिकाओं के लिए मतदान रविवार सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। पश्चिम बंगाल राज्य चुनाव आयोग को सूचित किया गया कि मतदान शाम 5 बजे तक होगा। लगभग 95 लाख (95,59,790) मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग वार्ड प्रतिनिधियों और महापौरों का चुनाव करने के लिए करेंगे, जो 108 नगरपालिकाओं के 2,276 वार्डों में फैले हुए हैं। कुल मतदान केंद्रों की संख्या 10 हजार 813 और मतदान परिसरों की संख्या 4 हजार 851 है। इस निकाय चुनाव के नतीजे 2 मार्च को घोषित किए जाएंगे।

पश्चिम बंगाल निकाय चुनाव के तहत आज (27 फरवरी) को जिन जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें दार्जिलिंग, कूचबिहार, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, नदिया, उत्तर 24-परगना, दक्षिण 24-परगना, हावड़ा, हुगली, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुरा, पूर्व बर्दवान और बीरभूम शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक हर मतदान केंद्र पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हो रहा है। नौका चेकिंग भी जारी है और नाव से नदी में पेट्रोलिंग भी की जा रही है। चुनाव के दौरान कई पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। निकाय चुनाव पहले 22 जनवरी,2022 को होने वाले थे। हालांकि, हाई कोर्ट ने यह कहते हुए 4-6 सप्ताह के लिए चुनाव स्थगित कर दिया है कि कोरोना की तीसरी लहर ने राज्य को प्रभावित किया है और निवासियों का जीवन प्रभावित हुआ है। अगर चुनाव हुए तो राज्य के लिए खतरा पैदा हो जाएगा। इसलिए चुनाव को बाद में कराने का फैसला किया गया था।

 

#मतदान

Source : Agency

पाठको की राय