इंजरी के बाद ड्रेसिंग रूम में रोते-रोते पहुंचे थे: श्रेयस अय्यर
नई दिल्ली
भारत के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) 2021 के पहले फेज में चोट की वजह से नहीं खेल पाए थे। आईपीएल 2021 शुरू होने से पहले मार्च में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मैच के दौरान अय्यर का कंधा चोटिल हो गया था। अय्यर टी20 वर्ल्ड कप से पहले आईपीएल के दूसरे फेज में शानदार प्रदर्शन करके टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए दावा पेश करेंगे। आईपीएल 2021 के दूसरे फेज में वापसी से पहले अय्यर ने अपनी चोट के बारे में खुलासा किया और बताया कि वो रोते हुए ड्रेसिंग रूम में गए थे। अय्यर को चोट की वजह से कंधे की सर्जरी करानी पड़ी थी। अय्यर ने बताया,' अभी मैं अद्धभुत महसूस कर रहा हूं। ईमानदारी से कहूं तो यहां तक का सफर अच्छा रहा। लेकिन जब मुझे चोट लगी थी, तो थोड़ा मायूस हो गया था. मुझे समझ नहीं आ रहा था कि मैं क्या करूं। चोट के बाद जब मैं मैदान से ड्रेसिंग रूम की तरफ लौट रहा था, तो रो रहा था. मुझे इस बात को मानने में थोड़ा वक्त लगा। हालांकि, आपको इन सब चीजों से गुजरना ही पड़ता है। लेकिन आपको जोरदार वापसी की कोशिश करनी होती है।
अय्यर आईपीएल 2021 के पहले फेज से ही नहीं बल्कि जुलाई में हुए श्रीलंका दौरे से भी बाहर हो गए थे। वह टीम इंडिया का नेतृत्व करने के प्रबल दावेदार होते, लेकिन वो फिट नहीं थे। अय्यर ने कुछ हफ्ते पहले अपने सारे फिटनेस टेस्ट पास कर लिए। वो यूएई में हैं और आईपीएल 2021 की तैयारी कर रहे हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक सीजन के लिए अपने कप्तान की पुष्टि नहीं की है। उनकी गैरमौजूदगी में ऋषभ पंत को दिल्ली का कप्तान बनाया गया था। 8 मैचों में 6 जीत के साथ डीसी प्वॉइंट टेबल में टॉप पर है।

पाठको की राय