आज रात से गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत राज्य के नौ जिलों में वीकेंड लॉकडाउन का ऐलान
गुरुग्राम।
हरियाणा सरकार ने कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए आज रात से गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत राज्य के नौ जिलों में वीकेंड लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया है। जिन जिलों में वीकेंड लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया गया है उनमें- पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, रोहतक, करनाल, हिसार, सिरसा और फतेहाबाद शामिल हैं। वीकेंड लॉकडाउन आज रात 10 बजे से 3 मई को सुबह 5 बजे से तक लागू रहेगा। हरियाणा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी आदेश में सभी लोगों से लॉकडाउन का पालन करने और घरों में रहने की अपील की गई है। लॉकडाउन की अवधि में बिना वजह लोगों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
हालांकि इस दौरान कानून-व्यवस्था, इमरजेंसी सेवाओं, नगर निगम कर्मियों, वर्दीधारी केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों, स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली, अग्निशमन, मीडिया कर्मियों और कोविड ड्यूटी से जुड़े लोगों के साथ ही अन्य जरूरी सेवाओं में लगे सभी सरकारी और निजी कर्मचारियों को छूट रहेगी। लॉकडाउन के दौरान इन सभी को अपने आईडी कार्ड साथ रखने होंगे।
इससे पहले खट्टर सरकार ने गुरुवार को राज्य के सभी निजी और सरकारी कॉलेजों, कोचिंग सेंटर, आईटीआई, लाइब्रेरी, प्रशिक्षण संस्थानों को 31 मई तक बंद रखने का आदेश दिया है। इसके साथ ही महिला और बाल विकास विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी आंगनवाड़ी केंद्र और क्रेच भी 31 मई तक बंद रहेंगे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गुरुवार को कहा कि कोरोना की चेन तोड़ने के लिए राज्य में निषेधाज्ञा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। इस संबंध में उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं। राज्य की अर्थव्यवस्था और लोगों विशेषकर कामगारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित न हो इसके लिए उद्योगों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए चलाने का निर्णय किया गया है। विवाह आदि सामाजिक कार्यक्रम भी अब बिना अनुमति के नहीं हो सकेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनुमति के बावजूद कोविड प्रोटोकोल के तहत लोगों की निर्धारित संख्या में ही कार्यक्रमों का आयोजन करें।

पाठको की राय