Tuesday, October 20th, 2026

दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू और ऑड-ईवन का नियम खत्म, शादी समारोह में भी ढील

नई दिल्ली
दिल्ली में कोरोना नियमों को लेकर हुई डीडीएमए की समीक्षा बैठक में वीकेंड कर्फ्यू, बाजारों के लिए ऑड-ईवन नियम खत्म करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में मौजूद सूत्रों के हवाले से ये भी खबर है कि दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू तो खत्म कर दिया गया है लेकिन नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा। दिल्ली में लगातार घटते कोरोना के मामले और कम होती संक्रमण दर को ध्यान में रखते हुए दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक में ये फैसले लिए गए हैं जिनका जल्द ही औपचारिक एलान हो जाएगा। डीडीएमए की इस बैठक की अध्यक्षता दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने की।

बैठक में इन नियमों में ढील देने की है सूचना-

  • स्कूल व अन्य शिक्षण संस्थान अभी बंद रहेंगे, इन पर डीडीएमए की अगली बैठक में होगा फैसला।
  • नाइट कर्फ्यूय रहेगा बरकरार।
  • ऑड-ईवन नियम खत्म होंगे।
  • शादी समारोह में भी 200 लोगों के शामिल होने पर छूट मिलेगी।
  • बार और रेस्टोरेंट 50 प्रतिशत सीट क्षमता के साथ खुल सकेंगे।
  • 50 प्रतिशत क्षमता के साथ सिनेमा हॉल खुलेंगे।
  • दिल्ली के सरकारी ऑफिस 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुलेंगे
  • कोविड संबंधी नियमों का पालन करना जरूरी रहेगा।
  • नियमों को सख्ती से लागू करवाया जाएगा।

 

#Weekend curfew

Source : Agency

पाठको की राय