Wednesday, October 21st, 2026

हम LAC में किसी भी बदलाव के लिए सहमत नहीं- मंत्री एस. जयशंकर

नई दिल्ली
 विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत पूर्वी लद्दाख सीमा गतिरोध पर चीन के साथ इस पूरी स्पष्टता के साथ बातचीत कर रहा है कि वह यथास्थिति में किसी भी बदलाव या क्षेत्र में LAC को एकतरफा तौर पर बदलने के किसी भी प्रयास के लिए सहमत नहीं होगा।

जयशंकर ने पेरिस में एक विचार मंच में एक संवाद सत्र में कहा कि वह बातचीत के माध्यम से इस मुद्दे को हल किये जाने को लेकर आशावादी है और दोनों पक्षों के सैन्य कमांडरों के बीच बातचीत के बाद टकराव वाले कई बिंदुओं को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

 ‘हम पूरी तरह से स्पष्ट हैं कि हम यथास्थिति में किसी भी बदलाव के लिए सहमत नहीं होंगे। एलएसी को एक पक्ष की ओर से एकतरफा तौर पर बदलने के किसी भी प्रयास पर हम सहमत नहीं होंगे। इसलिए यह कितना ही जटिल हो, कितना भी समय लगे, कितना भी मुश्किल हो, मुझे लगता है कि यह स्पष्टता हमारा मार्गदर्शन करती है।’ जयशंकर ने कहा कि इस समय सैनिकों का पीछे हटना ही लक्ष्य है और वह मुद्दों के समाधान को लेकर आशान्वित हैं।

 

#मंत्री एस. जयशंकर

Source : Agency

पाठको की राय