Wednesday, October 21st, 2026

जल संसाधन मंत्री सिलावट ने दीपावली के उपलक्ष्य में दी विकास की सौगातें

भोपाल

दीपावली पर आयोजित कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सांवेर विधानसभा क्षेत्र को विकास की अनेक सौगात दी। उन्होंने सवा दो सौ से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्म-निर्भर बनाने के लिये 36 लाख रूपये की आर्थिक मदद वितरित की। साथ ही ग्राम पंचायतों में स्वच्छता और पेयजल की व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिये 72 लाख रूपये लागत के 17 वाहन उपलब्ध कराये। मंत्री सिलावट ने सड़क संबंधी कार्यों का भूमि-पूजन भी किया।

तीन विकास कार्यों का भूमि-पूजन

 जल संसाधन मंत्री सिलावट ने सांवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भांग्या में 51 लाख रूपये की लागत के तीन विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। इन कार्यों में कुमेड़ी से भांग्या पहुँच मार्ग पर सीमेंट-कांक्रीट रोड, नवीन आँगनवाड़ी भवन तथा नवीन कचरा प्रबंधन शेड का निर्माण शामिल है। सिलावट ने सांवेर में सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण कर निर्माण को गुणवत्ता और समय-सीमा में पूरा करने के लिये अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण

 मंत्री सिलावट ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने मरीजों से चर्चा कर उनके उपचार और उपलब्ध करायी जा रही अन्य सुविधाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने स्टॉफ से भी चर्चा की और मरीजों का बेहतर उपचार करने के निर्देश दिये।

ऋण तथा वाहन वितरण

 मंत्री सिलावट ने जनपद पंचायत में क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम के तहत सवा दौ सौ से अधिक महिलाओं को आत्म-निर्भर बनाने के लिये 36 लाख रूपये का प्रथम किस्त का ऋण वितरित किया। इन महिलाओं को एक करोड़ रूपये से अधिक का ऋण स्वीकृत किया गया है। उन्होंने 72 लाख रूपये लागत के पेयजल टैंकर और बैटरी चलित कचरा वाहन भी विभिन्न ग्राम पंचायत को वितरित किये।

 

#ऋण तथा वाहन वितरण

Source : Agency

पाठको की राय