वक्फ सम्पत्ति सर्वेक्षण पहल सराहनीय - रिजवी
रायपुर
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के मीडिया प्रमुख और वरिष्ठ अधिवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का ध्यान आकर्षित कर कहा है कि भाजपा शासन काल के 15 वर्षों के वक्फ सम्पत्ति की हिफाजत की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया तथा इस बीच वक्फ बोर्ड के भाजपाई अध्यक्ष एवं अपात्र सी.ई.ओ. ने मनमानी करते हुए औकाफ की सम्पत्ति की अफरातफरी का बेमिसाल उदाहरण पेश किया है, जिसका खामियाजा आरोपितों को अवश्य भुगतना पड़ेगा। पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह को सभी मुस्लिम इदारों की समीक्षा करवाने कहा गया परन्तु अल्पसंख्यकों की आवाज नक्कारखाने में तूती की तरह सिद्ध हुई जो मुस्लिम विरोधी मानसिकता को दशार्ता है।
रिजवी ने प्रदेश सरकार द्वारा वर्तमान सीईओ के माध्यम से वक्फ सम्पत्ति के सर्वेक्षण का कार्य प्रारंभ किए जाने का स्वागत करते हुए कहा है कि वक्फ बोर्ड ने देर आयद दुरूस्त आयद की कहावत को चरितार्थ किया है जो सराहनीय है। सर्वेक्षण कार्य में भाजपाई पूर्व अध्यक्ष एवं सदस्यों ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। ढाई वर्ष बाद आखिर कांग्रेस सरकार ने औकाफ के सर्वेक्षण का कार्य प्रारंभ किया है जिसका मुस्लिम समाज तहेदिल से शुक्रिया अदा करता है। मुख्यमंत्री से निवेदन है कि अल्पसंख्यक पांचो इदारों की समीक्षा भी करवाये तथा अक्षम विभागीय सचिव को तत्काल हटायें तथा पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सीईओ के विरूद्ध ईओडब्ल्यू में लम्बित जांच प्रारंभ करने वांछित विभागीय सहमति पत्र भेजने आदेशित करें।

पाठको की राय