यूपी में पांचवे चरण का मतदान, पीएम मोदी और सीएम योगी ने की वोट अपील
लखनऊ
उत्तर प्रदेश में पांचवे चरण का मतदान चल रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से अपील की है कि वह बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लें। पीएम मोदी ने ट्वीट करके लिखा, उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र के उत्सव का आज पांचवां चरण है। सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें और अपना कीमती वोट अवश्य दें। बता दें कि उत्तर प्रदेश में आज पांचवे चरण में प्रदेश के 12 जिलों में 61 विधानसभा सीटों पर मतदान चल रहा है। पांचवे चरण में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, कांग्रेस नेता अराधना मिश्रा सहित कई दिग्गज मैदान में हैं।
पाचंवे चरण के मतदान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेश की जनता से बढ़-चढ़तर मतदान में हिस्सा लेने की अपील की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करके लिखा, उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव-2022 का आज पंचम चरण है। अपने प्रदेश के उत्थान के लिए, सुशासन, सुरक्षा व सम्मान की प्राप्ति के लिए, भय मुक्त, दंगा मुक्त, अपराध मुक्त परिवेश के लिए सभी सम्मानित मतदाता गण अपने वोट का प्रयोग अवश्य करें।

पाठको की राय