Friday, October 23rd, 2026

खैरागढ़ में मतदान शुरू, 2 घंटे में 17% वोटिंग, महिलाओं में ज्यादा उत्साह

रायपुर/ खैरागढ़
खैरागढ़ विधानसभा के लिए मंगलवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। सुबह से ही बूथों पर पुरूष मतदाता की अपेक्षा महिलाओं की ज्यादा लंबी लाइन लगी है।सुबह 9 बजे तक 17 फीसदी मतदान हुआ है। इस बीच कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा और भाजपा उम्मीदवार कोमल जंघेल परिवार के साथ मतदान करने के लिए पहुंचे।

कांग्रेस की जीत तय: यशोदा वर्मा
कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा ने ग्राम देवारीभाट के शासकीय प्राथमिक शाला पहुंच कर मतदान किया और अपनी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जीत तय है लोगों का विश्वास उन्हें मिलेगा अगर कांग्रेस जीती है तो निश्चित तौर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खैरागढ़ को जिला बनाएंगे। पिछली बार खैरागढ़ विधानसभा में केवल 36% वोट ही पड़े थे। इस बार वोट का प्रतिशत बढ़ेगा।

जनता का आशीर्वाद है, जीत होगी :कोमल जंघेल
दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल ने परिवार सहित अपने गांव घिरघोली में बने बूथ पर मतदान किया। मतदान के बाद कोमल जंघेल ने कहा कि जनता का भरपूर प्यार और समर्थन मिला है। क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद है, जीत होगी। उन्होंने कहा कि सीधा मुकाबला कांग्रेस से है, जनता कांग्रेस का कोई जनाधार नहीं है। दावा किया कि कांग्रेस के घोषणा-पत्र का कोई प्रभाव जनता में नहीं पड़ा है।


291 मतदान केंद्रों में 2 लाख 11 हजार 516 मतदाता करेंगे प्रत्याशी के भाग्य का फैसला
खैरागढ़ उपचुनाव के लिए प्रशासन ने 291 मतदान केंद्र बनाए हैं। इन बूथों पर 2 लाख 11 हजार 516 मतदाता प्रत्याशी के भाग्य का फैसला करेंगे। 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें भाजपा, कांग्रेस और JCCJ के अलावा ज्यादातर निर्दलीय हैं।

यह 10 उम्मीदवार मैदान में

  • यशोदा वर्मा - कांग्रेस
  • कोमल जंघेल – भाजपा
  • नरेंद्र सोनी - जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़
  • मोहन भारती - राष्ट्रीय जनसभा पार्टी
  • अरुणा बनाफर – निर्दलीय
  • साधुराम धुर्वे - निर्दलीय
  • नितिन कुमार भांडेकर – निर्दलीय
  • विप्लव साहू - फॉरवर्ड डमेक्रेटिक लेबर पार्टी
  • ढालचंद साहू - आम्बेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया
  • संतोषी प्रधान – गोंडवाना गणतंत्र पार्टी

 

Source : Agency

पाठको की राय