Saturday, October 24th, 2026

आरएसएस के कार्यक्रम में जुटेंगे 30 देशों के स्वयंसेवक

भोपाल

 राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस / RSS) अपने आनुषांगिक संगठन हिन्दू स्वयंसेवक संघ (विश्व विभाग) के दुनियाभर के देशों में रहने वाले करोड़ों प्रवासी स्वयंसेवकों के माध्यम से हिन्दुत्व की जड़ें मजबूत करने के अभियान में जुटा हुआ है। स्वयंसेवकों की सफलता की कहानियां और संघ के एजेंडे के हिसाब से सुधार या संशोधन के लिए हर पांच साल में विश्व विभाग जुटता है। इसी क्रम में जुलाई में मध्यभारत प्रांत के भोपाल में सात दिवसीय शिविर का आयोजन होगा। इसमें 30 से ज्यादा देशों के एक हजार स्वयंसेवक सपरिवार आएंगे।


ये रहेंगे मौजूद
शिविर में सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले समेत अन्य केंद्रीय पदाधिकारी उपस्थित होंगे। विश्व विभाग के राष्ट्रीय संयोजक अनिल वर्तक और टोली सदस्य प्रो. सदानंद सप्रे भी अभी से कार्ययोजना बनाने में जुट गए हैं। सेवा भारती, प्रज्ञा प्रवाह और प्रचार विभाग समेत अन्य संगठनों के पदाधिकारी और स्वयंसेवक व्यवस्थाएं संभालेंगे।

इस तरह से कार्य और विस्तार
किसी देश में गृह युद्ध छिड़ा हो या यूक्रेन-रूस के बीच जारी घमासान, कोरोना जैसी महामारी फैली हो या प्राकृतिक आपदाएं, इनमें भी विश्व विभाग के स्वयंसेवकों ने सेवा कार्यों से दुनिया के कोने-कोने में लोगों का दिल जीता है। वसुधैव कुटुम्बकम् के भाव के साथ विश्व में विस्तार पाने का कार्य जारी है।

 

#आरएसएस

Source : Agency

पाठको की राय