विराट कोहली की धीमी पारी बनी आरसीबी की हार की वजह, 2016 से चला आ रहा है ये सिलसिला
नई दिल्ली
रॉयल्स चैलेंजर्स बैंगलोर के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में आरसीबी के लिए कई महत्वपूर्ण पारियां खेलते हुए टीम को जीत दिलाई है, मगर जब-जब उनके बल्ले से धीमी पारी निकली है तो वह टीम की हार की वजह भी बने हैं। शनिवार रात दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हुए आईपीएल 2023 के 50वें मुकाबले के दौरान भी कुछ ऐसा देखने को मिला। किंग कोहली ने डीसी के खिलाफ 46 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 55 रन बनाए और उनकी यही पारी टीम की हार की वजह भी बनी।
दरअसल, विराट 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए जब टीम का स्कोर 137 रन था। कोहली की धीमी पारी की वजह से ही आरसीबी रनों की रफ्तार नहीं बढ़ा पा रही थी, मगर जैसे ही वह आउट हुए तो आरसीबी ने आखिरी 4 ओवर में 44 रन जोड़े। कोहली के साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, बल्कि यह सिलसिला 2016 से चला आ रहा है।
जी हां, विराट कोहली ने आईपीएल के इतिहास में 5 बार 50 रन का आंकड़ा 120 से कम के स्ट्राइक रेट के साथ पार किया है और ऐसे में हर बार उनकी टीम को हरा का सामना करना पड़ा है।
इसकी शुरुआत 2016 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हुई थी जब कोहली ने 44 गेंदों पर 52 रन बनाए थे। कोहली के लिए यह साल शानदार रहा था, उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था, वहीं उनकी टीम फाइनल में भी पहुंची थी। मगर केकेआर के खिलाफ उनकी इस पारी की वजह से टीम हारी भी थी।
इसके बाद 2017 में राइजिंग पुणे सुपर जाएंट्स के खिलाफ कोहली ने 48 गेंदों पर 55, 2020 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 43 गेंदों पर 50 और 2022 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 53 गेंदों पर 58 रनों की पारी खेली थी। इन पांचों मौकों पर आरसीबी को हार का सामना करना पड़ा था।

पाठको की राय