Tuesday, October 20th, 2026

विनीता की मां-बाप की जिद ने ले ली जान! शादी का विरोध कर रही किशोरी ने फंदे से लटकर की खुदकुशी

नवादा
बिहार के नालंदा जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी धर्मेन्द्र चौधरी की 15 वर्षीया पुत्री विनीता कुमारी ने सोमवार की देर शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।  जानकारी के अनुसार, माता-पिता ने उसकी शादी तय कर दी थी। अगले माह उसकी शादी होने वाली थी। इसका वह खुलकर विरोध कर रही थी, लेकिन माता-पिता नहीं मान रहे थे। इसी बात को लेकर वह बराबर तनाव में चल रही थी। शाम को उसके माता-पिता किसी काम के लिये घर से बाहर निकले थे। घर में कोई नहीं था। इसी बीच वह अपनी दुपट्टे को गले में लपेटकर घर के छत से लगे बांस की बल्ली में झूलकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद जब परिजन घर पहुंचे तो देखा कि बेटी का शव लटक रहा है। परिजनों व ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया।

 

 

#Vineeta

Source : Agency

पाठको की राय