JDU विधायक के गांव में टीका देने गई टीम को ग्रामीणों ने भगाया
नवगछिया
नवगछिया के दियारा इलाकों में कोरोना टीका को लेकर अब भी अंधविश्वास फैला हुआ है। कदवा दियारा के बाद मंगलवार को जदयू विधायक गोपाल मंडल के गांव छोटी परबत्ता में भी लोगों ने टीके का विरोध कर स्वास्थ्यकर्मियों सहित बीडीओ और पीएचसी प्रभारी को भगा दिया। इस दौरन ग्रामीणों ने अपशब्द भी कहे। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को इस्माइलपुर प्रखंड के छोटी परबत्ता गांव में टीका लगाने पहुंचे स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया। इसके बाद स्वास्थ्यकर्मियों से टीका नहीं लेने की बात कही। इस पर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल कुमार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार, बाल विकास परियोजना के पर्यवेक्षक पल्लवी कुमारी, शिक्षक विनोद मंडल, आशा कार्यकर्ता किरण कुमारी, आंगनवाड़ी सेविका पिंकी देवी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई भी मानने को तैयार नहीं हुआ।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि हमलोगों ने टीकाकरण के महत्व के बारे में लोगों को बताया, लेकिन कोई टीका लगवाने को तैयार नहीं हुआ। इस्माइलपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि स्थानीय एवं सामाजिक स्तर से भी हमलोगों ने काफी प्रयास किया। यहां पर एक से आठ वार्ड तक के लोगों को टीका लगवाने को लेकर के कई तरह की बातें समझाई गईं, लेकिन लोगों ने टीका लगाने से साफ इंकार कर दिया। थानाध्यक्ष मनी पासवान ने भी टीका को लेकर लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग तैयार नहीं हुए।

पाठको की राय