कोरोना के ‘ऑमिक्रॉन’ पर सतर्कता, CM शिवराज ने बुलाई अहम बैठक
भोपाल
कोरोना के नये वैरिएंट से सुरक्षा और सतर्कता को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को स्वास्थ्य मंत्री, चिकित्सा शिक्षा मंत्री और विभाग के तमाम आला अफसरों से बात की। मुख्यमंत्री ने कहा है कि कोरोना का जो नया ओमिक्रॉन वैरिएंट आया है, इससे बचाव के लिए सभी जरूरी प्रबंध अस्पतालों में किए जाए। संक्रमण ना फैले इसके लिए सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग करने के लिए आम लोगों को प्रेरित किया जाए।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण फिर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। शनिवार को पिछले तीन महीने का रिकॉर्ड टूट गया और 24 घंटे में कोरोना 23 नए मरीज मिलने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। 11 दिन में 137 मरीजों में सक्रमण की पुष्टि हुई है। इसको देखते हुए प्रदेश सरकार ने अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री ने रविवार को स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, डीजीपी विवेक जोहरी, स्वास्थ्य विभाग के एसीएस मोहम्मद सुलेमान और स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के अफसरों के साथ चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में विदेश से आने वाले यात्रियों पर खास नजर रखी जाए। सभी कलेक्टर इसको लेकर विशेष सतर्कता रखे।
कोविड के नए स्टेल को लेकर राज्य के सभी कलेक्टरों और स्वास्थ्य अधिकारियों को ताकीद किया गया है कि संक्रमण के लक्षण मिले तो स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सूचित किया जाए और तत्काल इलाज शुरू किया जाए। जिन व्यक्तियों में नए वैरिएंट के लक्षण मिले उनसे संपर्क में आने वाले सभी लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग कर उनका भी परीक्षण, स्क्रीनिंग की जाए। अस्पतालों में इन मरीजों के इलाज के समुचित प्रबंध किए जाए। उन्होंने कहा कि अफ्रीका में जिस तरह इसके मरीज तेजी से बढ़ रहे है उसके हिसाब से मध्यप्रदेश में पर्याप्त सावधानियां और सुरक्षा इंतजाम करना जरूरी है।
वन विभाग के प्रमुख सचिव अशोक बर्णवाल की अगुवाई में अफ्रीकी चीतों को लाने के लिए तमाम पहलुओं का अध्ययन करने अफ्रीकी जा रहा पांच सदस्यीय दल अपनी यात्रा बीच में रद्द कर वापस भोपाल लौट आया है। अब कोरोना के नये वेरिएंट पर काबू होने के बाद यह यात्रा जनवरी 2022 में फिर होगी। इस यात्रा के बाद ही कूनो-पालपुर से चीते मध्यप्रदेश लाने की कवायद पूरी हो पाएगी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कूनो-पालपुर मे अफ्रीकी चीतों को लाने के लिए तमाम पहलुओं पर बात करने और चीतों को यहां लाने के लिए वहां के विभिन्न राजनीतिक दलों से भी चर्चा करने के लिए वन विभाग के प्रमुख सचिव अशोक बर्णवाल, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वाइल्ड लाइफ आलोक कुमार भोपाल से दिल्ली पहुंच गए थे। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि कोरोना के नये वैरिएंट के संक्रमण बढ़ने के कारण इस पर काबू पाने दक्षिण अफ्रीका में लॉकडाउन लगा दिया गया है। यह जानकारी मिलने पर इस दल ने दिल्ली से अफ्रीका की यात्रा स्थगित कर दी ।

पाठको की राय