Saturday, October 24th, 2026

नहाते वक्त आया वीडियो कॉल, सेक्सटॉर्शन में फंसे पूर्व मुख्यमंत्री के OSD: ऐंठ लिए 6.5 लाख रुपये

 बेंगलुरु
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी रह चुके 58 साल के अधिकारी सेक्सटॉर्शन में फंस गए। इस गैंग ने उनसे 6.8 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब उनकी डिमांड बढ़ती ही चली गई तो अधिकारी ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई। रिपोर्ट के मुताबिक मल्लेश्वरम के रहने वाले अधिकारी को नहाते वक्त वीडियो कॉल आया था। वह उस दौरान नासिक के एक गेस्ट हाउस में थे। उन्होंने वीडियो कॉल रिसीव कर लिया। इसके बाद यही उनके लिए गले की फांस बन गया।

उन्होंने पुलिस को बताया कि गलती से उन्होंने फोन उठा लिया। इसके बाद दोपहर में 1 बजे के करीब दूसरा कॉल आया जो कि अनजान नंबर से आया था। कॉल करने वाले ने खुद को महेंद्र सिंह बताया और कहा कि वह एक प्रतिष्ठित हिंदू न्यूज चैनल का पत्रकार है। उसने कहा कि एक महिला ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है और वीडियो कॉल करके यौन शोषण करने का आरोप लगाया है।

इसके बाद उन्हें अहसास हुआ कि 12 जून को जो वीडियो कॉल रिसीव हुआ था यह उसी का नतीजा हो सकता है। सिंह ने कहा कि पीड़िता कुछ पैसे मांग रही है और इसके बाद वह वीडियो डिलीट कर देगी। दबाव में उन्होंने डेढ़ लाख रुपये कॉलर द्वारा दिए गए अकाउंट में भेज दिए। इसके बाद 14 जुलाई को आरोपियों ने फिर से फोन किया और 2.8 लाख रुपये की मांग की। उन्होंने अलग-अलग नंबरों से फोन किया था।

बार-बार फोन करके वे डिमांड बढ़ाते गए। इसतरह 58 साल के शख्स ने ठगों को 6.98 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद डिमांड और बढ़ गई और वे 7.2 लाख रुपये की मांग करने लगे। तब जाकर उन्होंने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई। बता दें कि कुछ समय पहले इसी तरह का वीडियो कॉल केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल के पास आया था। उन्होंने भी शिकायत दर्ज करवाई थी और इस मामले में गिरफ्तारी भी हुई थी। उनके पास वीडियो कॉल आया जिसे रिसीव करने के बाद पोर्न चलने लगा था।

 

 

#OSD

Source : Agency

पाठको की राय