खरगोन में वीडियो-ऑडियो हो रहा है वायरल, पुलिस-प्रशासन भी बेखबर
खरगोन
मध्य-प्रदेश के खरगोन में रामनवमी के बाद हुई हिंसा में कई मकान और दुकानें जला दी गईं। इसके बाद पुलिस कार्रवाई के साथ क्षेत्र में शांति स्थापित करने की कवायद जारी है। इसी बीच एक कथित ऑडियो और वीडियो वायरल हो रहा है। इन वायरल ऑडियो और वीडियो में एक वर्ग विशेष से व्यापार-व्यवसाय न करने की शपथ दिलाई जा रही है। फिलहाल इन ऑडियो और वीडियो की पुष्टि नहीं हो पाई है
वीडियो और ऑडियो में यह बातें
दावा किया गया है कि इस वीडियो में हिंदू धर्म के लोगों को यह शपथ दिलाई जा रही है कि वह मुस्लिम वर्ग के साथ व्यापार-व्यवसाय का बहिष्कार करें। यह कथित वीडियो खरगोन से 15 किलोमीटर दूर उबदी गांव का बताया जा रहा है। वहीं एक कथित ऑडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक कथित कलाकार और हिंदू व्यवसायी के बीच बातचीत हो रही है। ऑडियो में भी कथित कलाकार व्यवसायी से मुस्लिम वर्ग के लोगों को सामान नहीं बेचे की चेतावनी भरी अपील कर रहा है। दोनों ऑडियो और वीडियो को लेकर अभी प्रशासन का कोई रुख सामने नहीं आया है।
शांति कायम करने में लगा है पुलिस-प्रशासन
गौरतलब है कि खरगोन में रामनवमी के दिन जुलूस पर पथराव घटना के बाद हिंसा हुई थी। इसके चलते शहर के दर्जन भर इलाके प्रभावित हुए थे। इस हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने आगजनी ,पथराव, हथियारों से हमला, लूटपाट जैसी घटनाओं को अंजाम दिया। इस दौरान पुलिस तक को निशाना बनाया गया। इस घटना के बाद आज भी इलाके में अशांति है। पुलिस-प्रशासन किसी तरह से माहौल को शांत बनाने के प्रयास में लगा हुआ है।

पाठको की राय