Sunday, October 25th, 2026

शातिर साइबर जालसाज ने बैंक कर्मी के खाते में सेंध लगाकर उड़ाए 54000 रुपए

 भोपाल

शाहपुरा इलाके में रहने वाले एक बैंककर्मी के खाते में सेंध लगाकर शातिर साइबर जालसाज ने 54 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। आरोपी ने बिना ओटीपी और लिंक भेजे ठगी की वारदात को अंजाम दिया।

   हालांकि समय पर साइबर सेल में शिकायत करने पर पुलिस ने बैंक की मदद से फरियादी के खाते से निकाली गई रकम को होल्ड करा दिया। वहीं, अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी अवधेश भदौरिया ने बताया कि सिद्धार्थ कैम्पस गुलमोहर कॉलोनी शाहपुरा निवासी रजनीकांत मणि पुत्र सीताराम (28) बिलासपुर छत्तीसगढ़ स्थित इंडियन बैंक में क्लर्क हैं।

उन्होंने पुलिस को बताया कि गत 12 फरवरी को उनके खाते से अचानक 54 हजार 500 रुपए किसी अंजान खाते में ट्रांसफर हो गए। मोबाइल पर बैंक द्वारा भेज गए मैसेज से घटना का पता चला। उन्होंने किसी को न तो ओटीपी पिन बताया और न ही अंजान नंबर से आए लिंक को ओपन किया था। इसके बाद भी न जाने कैसे उनके खाते से पैसा ट्रांसफर हो गया। इसके बाद उन्होंने तुरंत क्राइम ब्रांच की सायबर सेल में आॅनलाइन शिकायत
की थी।

   इस मामले में साइबर सेल ने बैंक से संपर्क कर फरियादी के खाते से निकाली गई रकम को होल्ड करा दिया। वहीं मामले की जांच कर शून्य पर प्रकरण दर्ज कर केड डायरी शाहपुरा थाना को भेज दी है, जहां पर शाहपुरा पुलिस ने असल में अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

#खाते से उड़ा ली रकम

Source : Agency

पाठको की राय