झारखंड के कई जिलों में काफी कम बारिश, फसलों की बुआई पर पड़ा असर
जमशेदपुर
जमशेदपुर में बारिश की कमी के कारण इस बार फसलों का बुआई में भी काफी कमी आयी है. पूर्वी सिंहभूम जिला कृषि विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक, जिले में धान की बुआई (आच्छादन) 15.59 फीसदी, मक्का का 30.09 फीसदी का दलहन 3.67 फीसदी और तेलहन का 0.60 तथा मोटे अनाज का सिर्फ 4.87 फीसदी आच्छादन हो पाया है. बारिश का मौसम सिर्फ एक माह और बचा है.
एक अनुमान के मुताबिक, 15 अगस्त तक ही बारिश हो पाती है. जिले में इसके बाद बारिश कम हो जाती है. इस कारण इस बार सुखाड़ जैसे हालात बन रहे है. दूसरी ओर, कई प्रखंडों में काफी कम बारिश हुई है. बारिश को लेकर कृषि विभाग की ओर से हर प्रखंड में करायी गयी जांच में 1 से लेकर 31 जुलाई तक औसतन 264.6 मिलीमीटर बारिश हुई है. सबसे अधिक बारिश चाकुलिया और धालभूमगढ़ में हुई है जबकि सबसे कम बारिश जमशेदपुर प्रखंड में हुई है. पूरे जिले में 316.4 मिलीमीटर बारिश सामान्यत: जुलाई माह में होती है, लेकिन इस माह सिर्फ 264.6 मिलीमीटर बारिश हुई है. इस तरह से जिले में 51.8 मिलीमीटर बारिश कम हुई है.
कोल्हान में सबसे कम बारिश सरायकेला-खरसावां जिले में. मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, एक जून से लेकर 31 जुलाई तक बारिश में कमी दर्ज की गयी है. लेकिन सबसे कम बारिश सरायकेला-खरसावां जिले में हुई है. रिकॉर्ड के मुताबिक, पूर्वी सिंहभूम जिले में 543.2 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए, लेकिन 340.9 मिलीमीटर बारिश हुई है. यानी 37 फीसदी की कमी बारिश दर्ज की गयी है. सरायकेला-खरसावां जिले में 503 मिलीमीटर बारिश की जगह 248.1 मिलीमीटर हुई है. जो 51 फीसदी कम है. पश्चिम सिंहभूम में 493.6 मिलीमीटर बारिश की जगह 319.3 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो 35 फीसदी कम है.
बुआई की स्थिति (सभी आंकड़े हेक्टेयर में)
फसल - लक्ष्य - आच्छादन - प्रतिशत
धान - 110000 - 17148 - 15.59
मक्का - 11820 - 3557 - 30.09
दलहन
अरहर - 10000 - 420 - 4.20
उड़द - 6000 - 268 - 4.47
मूंग - 2500 - 110 - 4.40
कुलथी - 2000 - 000 - 0.00
अन्य - 1700 - 16 - 0.94
कुल - 22200 - 814 - 3.67
तेलहन
मूंगफली - 995 - 16 - 1.61
तिल - 405 - 00 - 000
सोयाबीन - 300 - 00 - 0.00
सूर्यमुखी - 105 - 0 - 0.00
सरगुजा - 793 - 0 - 0.00
अंड - 52 - 000 - 0.00
कुल - 2650 - 16 - 0.60
मोटे अनाज
ज्वार - 150 - 0 - 0.00
बाजरा - 40 - 0 - 0.00
मड़ुआ - 1000 - 58 - 5.80
कुल - 1190 - 58 - 4.87
बारिश की स्थिति
प्रखंड का नाम बारिश की स्थिति
जमशेदपुर 161.0 मिमी
पोटका 241.0 मिमी
पटमदा 213.8 मिमी
बोड़ाम 212.0 मिमी
मुसाबन 275.4 मिमी
डुमरिया 256.8 मिमी
घाटशिला 218.2 मिमी
धालभूमगढ़ 413.4 मिमी
चाकुलिया 425.2 मिमी
बहरागोड़ा 275.2 मिमी
गुड़ाबांधा 201.4 मिमी
औसतन बारिश 264.6 मिमी
माह का सामान्य वर्षापात 316.4 मिमी
माह का वास्तविक वर्षापात 264.6 मिमी
बारिश कम होने के कारण फसलों की बुआई पर असर : कृषि पदाधिकारी
जिला कृषि पदाधिकारी मिथिलेश कालिंदी ने बताया कि बारिश कम होने के कारण फसलों की बुआई पर पड़ा है. दो प्रखंडों को छोड़कर अन्य इलाके में बारिश काफी कम हुई है.

पाठको की राय