Friday, October 23rd, 2026

रेलवे स्टेशन में भिड़े वेंडर्स, दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज

रायपुर
 रायपुर रेलवे स्टेशन में यात्रियों को चाय, खाद्य सामग्री बेचने से मना करने को लेकर वेंडर्स के दो अलग-अलग गुटों में गुरुवार की रात जमकर मारपीट हो गई जिसमें चार लोग को चोंटे पहुंची हैं। जीआरपी पुलिस ने दोनों गुटों के 7 लोगों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज किया है।

जीआरपी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के ग्राम बड़ोखर श्मशान रोड निवासी दीपक राठौर (18) ने शिकायत दर्ज कराई कि वह पिछले दो महीने से रायपुर रेलवे स्टेशन में स्टाल एमएच पांच में मैनेजर राहुल सिंह के पास चाय बेचने का काम करते आ रहे हैं। नौ सितंबर को रात साढ़े सात बजे प्लेटफार्म नंबर दो पर वह चाय बेच रहे थे, उसी दौरान दूसरे वेंडर प्रदीप के पास काम करने वाला मंगल अकारण गाली देते हुए उन्हें प्लेटफार्म पर चाय बेचने से मना करने लगा। दीपक ने मंगल को गाली देने से मना किया, तो उसने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट होते देखकर दीपक का भाई शुभम राठौर बीच-बचाव करने आया तो प्रदीप, मंगल और उसके अन्य साथियों ने मिलकर दीपक और शुभम की पिटाई कर दी। मारपीट में शुभम की बाईं आंख के ऊपर चोट आई, जबकि दीपक की गर्दन में दाहिनी तरफ चोट लगी। शिकायत पर जीआरपी ने आरोपी मंगल, प्रदीप, देशराज, रौबिन के खिलाफ धारा 294, 323, 34 के तहत अपराध दर्ज कर लिया।

वहीं दूसरे पक्ष के मध्यप्रदेश के भिंड जिले के शुसानतनगर वार्ड क्रमांक 35 निवासी देशराज जायसवाल (24) ने शिकायत दर्ज कराई कि वह पिछले तीन साल से रायपुर रेलवे स्टेशन के स्टाल बी छह में मैनेजर किशोरीलाल के पास चाय बेचने का काम करते आ रहा है। गुरुवार की रात साढ़े बजे वह प्लेटफार्म नंबर दो पर चाय बेच रहा था। उसी दौरान दीपक राठौर ने आकर गाली-गलौज कर चाय बेचने से मना किया। विवाद बढ?े पर दीपक राठौर समेत उसके भाई शुभम राठौर, सोनू और अंकुश उसके साथ मारपीट करने लगे। प्रदीप, मंगल, रौबिन ने बीच-बचाव कर छुड़ाया नहीं तो आरोपित मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने पर आमादा थे। मारपीट में देशराज जायसवाल के दाहिने हाथ के कलाई के उुपर चोट लगी है, जबकि प्रदीप के सिर में चोट आई है। जीआरपी ने मामले में दीपक राठौर, शिवम राठौर, सोनू, अंकुश के खिलाफ धारा 294, 323, 34 के तहत अपराध दर्ज किया है।

मारपीट के दौरान लाठी-डंडे और ट्रैक से पत्थर उठाकर फेंकने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि जीआरपी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। दोनों पक्षों के सात लोगों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज करने के साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर सभी की गिरफ्तारी की गई है।

 

#Vendors

Source : Agency

पाठको की राय